
आईआईटी मद्रास अब केवल उच्च शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि स्कूल स्तर के छात्रों को करियर दिशा देने वाला मार्गदर्शक भी बन रहा है। संस्थान ने एक नया पॉडकास्ट लॉन्च किया है, जिसकी मदद से कक्षा 9 से लेकर स्नातक स्तर तक के छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में करियर चुनने का मार्गदर्शन मिलेगा। इस पॉडकास्ट को संस्थान के प्रोफेसर महेश पंचाग्नुला ने अपने पूर्व छात्रों की सहायता से तैयार किया है, जिसमें छात्रों को उनके जुनून और रुचियों के आधार पर विषय चुनने और करियर बनाने के सुझाव दिए जाएंगे।
इस पहल की खास बात यह है कि पॉडकास्ट हिंदी, अंग्रेज़ी, तमिल और तेलुगू जैसी प्रमुख भाषाओं में उपलब्ध होगा। पहले चरण में छात्रों और उनके अभिभावकों द्वारा भेजे गए सवालों के जवाब हर हफ्ते आईआईटी मद्रास के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि यह मार्गदर्शन व्यापक स्तर पर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रोफेसर प्री कामकोटी ने गुरुवार को इस पॉडकास्ट का औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस इनिशिएटिव का उद्देश्य छात्रों को उनकी पसंद के विषय में बिना सामाजिक या पारिवारिक दबाव के करियर चुनने में मदद करना है। उनका कहना था कि अब तक अक्सर अभिभावक और छात्र बिना गहराई से सोचे-समझे करियर का निर्णय ले लेते थे, जिससे बाद में पछताना पड़ता है। लेकिन यह पॉडकास्ट बच्चों की रुचियों को समझकर उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगा।
पहले एपिसोड में आईएसआई बेंगलुरु की प्रोफेसर मधुरा स्वामीनाथन ने एग्रीकल्चरल इंटेलिजेंस, जबकि आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर बलरामन रविंद्रन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस जैसे उभरते हुए क्षेत्रों पर विस्तार से जानकारी दी। यह पॉडकास्ट न सिर्फ छात्रों के लिए बल्कि उनके अभिभावकों के लिए भी एक मूल्यवान संसाधन बनने जा रहा है, जो उन्हें भविष्य की दिशा तय करने में मदद करेगा।




Add comment