Edinbox Hindi

डिजिलॉकर पर CBSE बोर्ड रिजल्ट को लेकर बड़ा अपडेट, जल्द जारी हो सकते हैं 10वीं-12वीं के परिणाम

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का इंतजार अब अंतिम चरण में है। छात्र-छात्राएं और अभिभावक दोनों ही रिजल्ट को लेकर बेहद उत्सुक हैं। इस बीच डिजिलॉकर पर CBSE रिजल्ट से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक परिणाम जारी करने की आधिकारिक तिथि और समय की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पिछले वर्षों की प्रवृत्ति को देखते हुए 15 मई 2025 तक रिजल्ट जारी किए जाने की संभावना है।

इन प्लेटफॉर्म्स पर देख सकेंगे परिणाम
CBSE के परिणाम जारी होने के बाद छात्र cbse.gov.in, cbseresults.nic.in, results.gov.in और results.cbse.nic.in वेबसाइट, DigiLocker और UMANG ऐप तथा SMS सेवा का इस्तेमाल कर अपनी मार्कशीट देख सकेंगे। 

रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को रोल नंबर, स्कूल नंबर, एडमिट कार्ड आईडी और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी।

डिजिलॉकर पर आया रिजल्ट से जुड़ा बड़ा संकेत
डिजिलॉकर की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक पोस्टर में लिखा गया है—”CBSE 10वीं-12वीं रिजल्ट जल्द”, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि परिणाम बहुत जल्द घोषित किए जाएंगे।

इस साल भी नहीं जारी होगी मेरिट लिस्ट
CBSE ने 2020 के बाद से मेरिट लिस्ट जारी करना बंद कर दिया है। 2023 और 2024 में भी बोर्ड ने बिना टॉपर्स की सूची के परिणाम घोषित किए थे। इस परंपरा को जारी रखते हुए, बोर्ड ने 2025 में भी औपचारिक टॉपर सूची जारी न करने का फैसला किया है ताकि छात्रों पर अनावश्यक दबाव कम किया जा सके।

जांच की गई उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी मिलेगी
CBSE ने इस वर्ष एक और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब छात्र, पुनर्मूल्यांकन या अंक सत्यापन से पहले, अपनी जांच की गई उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त कर सकेंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को अधिक पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है ताकि वे यह समझ सकें कि किस उत्तर के लिए कितने अंक मिले और मूल्यांकन कितना उचित रहा।

लगभग 44 लाख छात्रों को रिजल्ट का इंतजार
CBSE बोर्ड परीक्षा 2025 में सम्मिलित होने वाले छात्रों की संख्या लगभग 44 लाख है। 2024 में जहां 13 मई को परिणाम जारी किए गए थे, वहीं इस वर्ष भी मई के दूसरे सप्ताह में रिजल्ट आने की संभावना जताई जा रही है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed