
दिल्ली के शिक्षा निदेशालय ने 1 जुलाई से राजधानी के स्कूलों में “हरियाली और वृक्षारोपण अभियान” शुरू करने की घोषणा की है। इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना और राजधानी में हरित आवरण (green cover) को बढ़ाना है।
3.7 लाख पौधे होंगे रोपित
शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी एक सर्कुलर के अनुसार, 1 जुलाई से 27 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत कुल 3.7 लाख पौधे लगाए जाएंगे। यह पौधारोपण “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत किया जाएगा और इसे ‘मेरी लाइफ’ पोर्टल पर भी दर्शाया जाएगा। प्रत्येक स्कूल को कम से कम 350 पौधे (100 पेड़, 180 झाड़ियां और 70 बांस के पौधे) लगाने होंगे। पौधे सरकारी नर्सरियों से निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
छात्र और शिक्षक लेंगे सक्रिय भागीदारी
सभी स्कूल प्रमुखों और इको-क्लब इंचार्ज को छात्रों और स्टाफ को इस अभियान में सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पोस्टर मेकिंग, रोल प्ले, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन और नारा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
हर माह भेजनी होगी रिपोर्ट
निदेशालय ने यह भी कहा है कि स्कूलों को अपने पौधारोपण की मासिक रिपोर्ट स्थानीय विज्ञान केंद्र को भेजनी होगी, जिससे अभियान की निगरानी और मूल्यांकन किया जा सके।
अंततः, शिक्षा निदेशालय ने सभी संबंधित अधिकारियों और स्कूलों से आह्वान किया है कि वे मिलकर इस अभियान को सफल बनाएं और स्वच्छ, हरा-भरा दिल्ली बनाने में योगदान दें।




Add comment