
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय, हमीरपुर ने हिमाचल प्रदेश कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (HPCET-2025) का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। पहले यह परीक्षा 10 और 11 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन भारत-पाक तनाव के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। अब यह परीक्षा 17 मई 2025 को आयोजित की जाएगी।
एक ही दिन, सभी विषयों की परीक्षा
नई योजना के अनुसार, सभी विषयों की परीक्षा एक ही दिन आयोजित की जाएगी। प्रदेश के 10 जिलों में कुल 16 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। चंडीगढ़ में प्रस्तावित केंद्र को अब नालागढ़ स्थानांतरित किया गया है।
परीक्षा केंद्रों का विवरण
नालागढ़ में 376 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा बिलासपुर में 889, चंबा 200, गौतम कॉलेज हमीरपुर 1900, तकनीकी विवि परिसर 620, कुल्लू 180, मंडी 1341, डीएवी कांगड़ा 1000, नगरोटा बगवां 653, पालमपुर 778, आरकेएमवी शिमला 634, सिरमौर 107, सोलन 223, उना 818 अभ्यर्थी सुबह के सत्र में परीक्षा देंगे। वहीं, शाम के सत्र के लिए चार स्थानों पर परीक्षा केंद्र स्थापित किए हैं, जिसमें डीएवी कांगड़ा में 260, मंडी 62, सोलन 56 और तकनीकी विवि परिसर हमीरपुर में 397 परीक्षा देंगे।
10,517 अभ्यर्थियों ने किए आवेदन
इस वर्ष कुल 10,517 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। इनमें स्नातक विषयों में 9782 और स्नातकोत्तर में 735 आवेदन हैं। बीटेक में 5387, बी फार्मेसी में 3408, एमसीए 322 एमबीए 346, बीएचएमसीटी 38, बीएससी एचएम 50, एमएससी फिजिक्स 25, एमएससी पर्यावरण विज्ञान 23 और एमबीए पर्यटन में 11 आवेदन हैं।
एडमिट कार्ड दोबारा जारी
परीक्षा नियंत्रक कमल देव सिंह कंवर ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को नए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं, जिनमें दिशा-निर्देश भी शामिल हैं।
17 मई की नियमित परीक्षाएं स्थगित
कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के चलते 17 मई को प्रस्तावित बीटेक, बी फार्मेसी सहित अन्य पाठ्यक्रमों की सेमेस्टर और रि-अपीयर परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। नई तिथि जल्द जारी की जाएगी।




Add comment