
इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री (MTech) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने एमटेक छात्रों को मिलने वाली स्नातकोत्तर छात्रवृत्ति (PG Scholarship) में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव शिक्षा मंत्रालय को भेजा है। यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो छात्रों को मौजूदा 12,400 रुपये के बजाय 18,600 रुपये प्रति माह की स्कॉलरशिप मिलेगी।
घटती एमटेक रुचि के चलते AICTE की पहल
AICTE ने यह कदम एमटेक कोर्सेस में घटते नामांकन को देखते हुए उठाया है। परिषद के अनुसार 2018-19 में एमटेक की 1.81 लाख सीटें थीं। 2023-24 में यह घटकर 1.30 लाख हो गईं। नामांकन भी घटकर करीब 44,000 रह गया है, जो पहले 66,000 से ज्यादा था।
AICTE का मानना है कि स्कॉलरशिप में बढ़ोतरी से छात्रों की एमटेक में रुचि फिर से बढ़ सकती है।
मार्च 2025 में भेजा गया था रिमाइंडर
AICTE ने पहली बार जून 2024 में मंत्रालय को स्कॉलरशिप बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद मार्च 2025 में एक रिमाइंडर भी भेजा गया, जिसमें बताया गया कि पिछली बार स्कॉलरशिप 2015 में बढ़ाई गई थी (8,000 रुपये से 12,400 रुपये तक)। अब AICTE ने फिर से लगभग 50% बढ़ोतरी की सिफारिश की है।
GATE के बिना स्कॉलरशिप का सुझाव
AICTE ने यह सुझाव भी दिया है कि जिन छात्रों का CGPA 8.5 या उससे अधिक है और जिन्होंने AICTE अप्रूव्ड संस्थानों में प्रवेश लिया है, उन्हें GATE पास किए बिना भी स्कॉलरशिप दी जा सकती है।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
यह स्कॉलरशिप केवल उन्हीं छात्रों को दी जाएगी:
– जिन्होंने AICTE अप्रूव्ड संस्थानों में AICTE अप्रूव्ड PG कोर्सेस में प्रवेश लिया हो।
– जो स्पॉन्सर्ड या मैनेजमेंट कोटा से एडमिशन नहीं लिए हों।
– जिन्हें अन्य स्रोतों से वित्तीय सहायता नहीं मिल रही हो।
उच्च शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
AICTE का कहना है कि इस प्रस्ताव से हजारों छात्रों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और उच्च तकनीकी शिक्षा को नया प्रोत्साहन मिलेगा। यदि मंत्रालय इस प्रस्ताव को मंजूरी देता है, तो यह स्कॉलरशिप 2025-26 सत्र से लागू हो सकती है।




Add comment