
जामिया मिल्लिया इस्लामिया द्वारा संचालित स्कूलों की कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। परिणाम जामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और कुलसचिव प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी द्वारा बुधवार को जारी किया गया। इस वर्ष कुल 92.37% छात्र सफल हुए। छात्र अपना परिणाम जामिया की आधिकारिक वेबसाइट http://jmiregular.ucanapply.com पर देख सकते हैं।
905 छात्रों ने दी परीक्षा, विज्ञान संकाय का प्रदर्शन श्रेष्ठ
इस बार परीक्षा में कुल 905 छात्रों ने भाग लिया। इनमें से विज्ञान संकाय का परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहा, जहाँ 94.75% छात्र सफल हुए। कला संकाय में 90.87% और वाणिज्य संकाय में 88.58% छात्र सफल हुए। परीक्षा देने वाले छात्रों में कला संकाय के 263 छात्र (92 लड़के, 171 लड़कियाँ), वाणिज्य के 184 (104 लड़के, 80 लड़कियाँ) और विज्ञान के 458 छात्र (197 लड़के, 261 लड़कियाँ) शामिल थे।
टॉपर्स की सूची
कला संकाय में पल्लवी गुरिया ने 97.4 फीसदी अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। वहीं, सैमन जेहरा जैदी ने 97 फीसदी अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान और शाहिद रिदाद हसन 96.8 फीसदी अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान हासिल किया है। वाणिज्य संकाय में फरहान रशीक ने 95.8 फीसदी अंक प्राप्त कर पहला, 95.6 अंक के साथ मरियम ने दूसरा और मारिया कमाल ने 95.2 फीसदी अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा विज्ञान संकाय में मो. यासिर और सनाउल्लाह 97.2 फीसदी अंक प्राप्त कर पहले स्थान पर रहे। आलिया बी ने 96.8 फीसदी अंक के साथ दूसरा और अनीस कौसर को 96.4 फीसदी अंक लेकर तीसरा स्थान मिला।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने छात्रों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि कला संकाय में एक छात्रा द्वारा टॉप करना गर्व की बात है।
कुलसचिव प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्कृष्ट परिणाम का श्रेय स्कूलों के अध्यापकों को जाता है।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. पवन कुमार शर्मा ने कहा कि समय पर परिणाम घोषित करना कर्मचारियों की समर्पित टीम वर्क और पारदर्शिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।




Add comment