Edinbox Hindi

सीबीएसई के नतीजों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों ने मारी बाज़ी, निजी स्कूल रह गए पीछे

CBSE द्वारा घोषित 2025 के 10वीं और 12वीं के नतीजों में दिल्ली के सरकारी स्कूलों ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। खासतौर पर 12वीं के रिजल्ट में दिल्ली के दोनों रीजन (ईस्ट और वेस्ट) में सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों को पछाड़ दिया है। वहीं, 10वीं में दिल्ली वेस्ट में सरकारी स्कूलों ने बाज़ी मारी, जबकि दिल्ली ईस्ट में निजी स्कूल थोड़े आगे रहे। 

सीबीएसई की ओर से घोषित बारहवीं के दिल्ली वेस्ट के रिजल्ट में सरकारी स्कूलों व प्राइवेट स्कूलों के रिजल्ट में 5.81 फीसदी का अंतर है। दिल्ली वेस्ट में सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 98.10 फीसदी, निजी स्कूलों का 92.29 फीसदी रहा है। जबकि दिल्ली ईस्ट में सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 96.11 फीसदी, निजी स्कूलों का 93. 85 फीसदी रहा है।

बीते साल इस जोन में निजी स्कूलों का पास प्रतिशत 94.83 फीसदी था। दिल्ली के ओवर ऑल (सभी स्कूलों-सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, निजी, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय) की बात करें तो दिल्ली वेस्ट पांचवें व दिल्ली ईस्ट छठे पायदान पर है। दिल्ली वेस्ट का पास प्रतिशत 95.37 और दिल्ली ईस्ट का पास प्रतिशत 95.06 फीसदी रहा है।

गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूलों का शानदार प्रदर्शन
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूलों के परिणामों को लेकर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों का 10वीं का परिणाम 100 प्रतिशत और 12वीं का 99 प्रतिशत रहा। यह इन स्कूलों के शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण है। 

10वीं में 20 हजार छात्रों ने एआई विषय में खेली शतकीय पारी
सीबीएसई के 10वीं व 12वीं के नतीजों में विद्यार्थियों ने सौ का दम दिखाया है। दसवीं में जहां 20 हजार से अधिक छात्रों ने एआई विषय में शतकीय पारी खेली है, वहीं 12वीं में पेटिंग में 20,491 छात्रों के सौ में से सौ अंक हैं। देशभर में 10वीं में कुल 62 विषयों में 79,084 छात्रों ने तो 12वीं के कुल 92 विषयों में 54,140 छात्रों ने शतक जड़ा है। कई मुख्य विषय भी ऐसे हैं जिसमें छात्रों ने शतक लगाया है।

10वीं  में एआई कोर्स ने छात्रों की अंकों से झोली भर दी है। हॉट विषय के रूप में उभरे इस कोर्स में देशभर से 20,278 छात्रों ने सौ में से सौ अंक पाए हैं। दूसरा नंबर इंर्फोमेशन टेक्नॉलॉजी का है, जिसमें 14,548 छात्रों ने शतक लगाया है। गणित स्टैंडर्ड में देशभर में 7594 छात्रों ने सौ अंक का आंकड़ा छुआ है। वहीं, विज्ञान में 5,219 को सौ में से सौ अंक मिले हैं।

12वीं में पेंटिग विषय के 20,491 छात्र ऐसे हैं जिन्होंने शतक लगाया है। दूसरे नंबर पर हिंदी म्यूजिक वोकल रहा है, इस विषय में 4,291 को सौ अंक मिले हैं। केमिस्ट्री को पछाड़ते हुए साइकोलॉजी में 3011 ने शतकीय पारी खेली है। वहीं, गणित का डर भगाते हुए 1,128 विद्यार्थियों ने इस विषय में सौ में से सौ अंक प्राप्त किए हैं। जबकि बीते साल यह संख्या 722 थी। इस बार छात्रों ने काफी विषयों में सौ का आंकड़ा छूआ है। राजनीति शास्त्र में 835, अकाउंटेंसी में 1713, कंप्यूटर साइंस में 1676, फिजिक्स में 274, केमिस्ट्री में 2384, इकोनॉमिक्स में 1244, बॉयोलॉजी में 738, इंग्लिश कोर में 1873 में सौ में से सौ अंक लिए हैं। जबकि एआई में 1201 ने शतक लगाया है।

दिल्ली ईस्ट व वेस्ट में जेएनवी स्कूलों का रिजल्ट सौ फीसदी
दिल्ली के ईस्ट व वेस्ट रीजन में जवाहर नवोदय विद्यालयों (जेएनवी) का रिजल्ट सौ फीसदी गया है। दिल्ली ईस्ट रीजन में बीते साल की तरह इस साल भी जेएनवी का रिजल्ट सौ फीसदी है। जबकि दिल्ली वेस्ट में जेएनवी का पास प्रतिशत सौ फीसदी रहा है।

CBSE 2025 के नतीजों ने यह साफ कर दिया कि दिल्ली के सरकारी स्कूल अब सिर्फ विकल्प नहीं, बल्कि उत्कृष्टता का प्रतीक बन चुके हैं। साथ ही, नई तकनीकी विषयों जैसे AI और IT ने छात्रों को अधिक स्कोर करने में बड़ी भूमिका निभाई है।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed