Edinbox Hindi

एमसीयू में “मल्टीमीडिया पत्रकार कैसे बनें” विषय पर कार्यशाला आयोजित 

भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के नवीन मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग में “मल्टीमीडिया पत्रकार कैसे बनें” विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने की, जबकि मुख्य वक्ता श्वेता खन्ना भंडराल ने मल्टीमीडिया पत्रकार बनने के लिए जरुरी टिप्स दिए। कार्यशाला का संयोजन विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पी. शशिकला ने किया। कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में मल्टीमीडिया पत्रकारिता में चुनौतियां एवं इसमें अवसरों के बारे बताया। उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता में बहुत बदलाव आ गया है इसलिए विद्यार्थियों को हर पल अपडेट रहना चाहिए। 

मुख्य वक्ता श्वेता खन्ना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए डिजिटल न्यूज़रूम की कार्यशैली को समझाया। साथ ही उन्होंने मीडिया के बदलते स्वरूप, इसके संचालन और इसमें करियर एवं आय के अवसरों पर भी जानकारी दी।विद्यार्थियों की भागीदारी से विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विषय को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया गया। 

सुश्री खन्ना के द्वारा डाटा एवं उसकी सत्यता, शूटिंग तकनीकों और उससे संबंधित प्रायोगिक कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उन्होंने ने विद्यार्थियों के कार्य की समीक्षा करते हुए उपयोगी सुझाव भी दिए।

विभागाध्यक्ष ने वक्ता की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया और कार्यशाला की महत्वत्ता के बारे में बताया। विगत दिवस आयोजित कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों को डिजिटल मीडिया न्यूज़रूम की कार्य व्यवस्था, मल्टीमीडिया पत्रकार की भूमिका और खबरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की विधियों से अवगत कराना था। कार्यशाला का समापन विभागाध्यक्ष प्रो.डॉ. पी. शशिकला के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों, सहयोगियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभाग के समस्त विद्यार्थी, शिक्षक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed