
बदलते लाइफस्टाइल और डिजिटल उपकरणों की लत के कारण आजकल कई स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इन्हीं में से एक है टेक्स्ट नेक सिंड्रोम, जो खासकर युवाओं को तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 60% युवा कभी न कभी इस समस्या का सामना कर चुके हैं या इससे जूझ रहे हैं।
क्या है टेक्स्ट नेक सिंड्रोम?
यह एक ऐसी स्थिति है जो स्मार्टफोन या टैबलेट के अत्यधिक और गलत तरीके से इस्तेमाल के कारण होती है। लंबे समय तक गर्दन झुकाकर मोबाइल चलाने या रील्स देखने की आदत से गर्दन में दर्द, अकड़न और जकड़न जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। कई बार यह स्थिति इतनी गंभीर हो सकती है कि दैनिक कार्यों को करना भी मुश्किल हो जाता है।
सबसे ज्यादा खतरा 15–20 वर्ष के युवाओं को
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च (IJHSR) की रिपोर्ट बताती है कि 15 से 20 वर्ष की आयु वाले युवा इस समस्या के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील हैं। पश्चिमी अफ्रीका के बेनिन में किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि 74.55% छात्रों ने मोबाइल से लगातार मैसेजिंग की आदत बताई, और इनमें से 1000 से ज्यादा को गर्दन दर्द की शिकायत हुई। जो युवा दिन में 4–5 बार या उससे अधिक बार मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं, उनमें इसका खतरा और अधिक पाया गया।
टेक्स्ट नेक के मुख्य कारण
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, टेक्स्ट नेक आधुनिक जीवनशैली की देन है। जब हम गर्दन झुकाकर लंबे समय तक स्क्रीन देखते हैं, तो रीढ़ और मांसपेशियों पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। एक अनुमान के अनुसार, जब सिर को 60 डिग्री झुकाया जाता है, तो उसका प्रभावी भार लगभग 25 किलो तक हो सकता है, जबकि सामान्य स्थिति में सिर का वजन सिर्फ 4.5–5.5 किलो होता है। यह लगातार दबाव मांसपेशियों में तनाव, हड्डियों की कमजोरी और दर्द का कारण बन सकता है।
लक्षणों को पहचानिए – कहीं आप भी तो शिकार नहीं?
यदि आप भी निम्नलिखित लक्षण महसूस कर रहे हैं, तो सतर्क हो जाइए:
– गर्दन में दर्द या अकड़न
– कंधों और ऊपरी पीठ में जकड़न
– बार-बार सिरदर्द होना
– ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई
– हाथों में झनझनाहट या सुन्नपन (कभी-कभी)
किन लोगों में खतरा अधिक होता है?
– जो दिन में 3–5 घंटे या उससे अधिक समय मोबाइल या टैबलेट पर बिताते हैं
– ऑफिस कर्मचारी, जो लगातार कंप्यूटर या लैपटॉप पर झुककर काम करते हैं
– जिनका सिर चलने-फिरने के बजाय लंबे समय तक एक ही मुद्रा में रहता है
कैसे बचें टेक्स्ट नेक से?
– मोबाइल या लैपटॉप की स्क्रीन को आंखों के समांतर रखें
– हर 20 मिनट में ब्रेक लें और स्ट्रेचिंग करें
– गर्दन और कंधों की नियमित एक्सरसाइज करें
– सोने के समय तकिए का उचित उपयोग करें जिससे गर्दन को सहारा मिले
– समस्या गंभीर होने पर डॉक्टर से समय पर परामर्श लें
डिजिटल डिवाइसेज़ हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन उनका सही इस्तेमाल और पॉश्चर का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी जागरूकता से न केवल आप टेक्स्ट नेक जैसी समस्याओं से बच सकते हैं, बल्कि एक बेहतर और दर्द-मुक्त जीवन भी जी सकते हैं।




Add comment