Edinbox Hindi

एआईसीटीई ने शुरू किया ‘प्रोडक्टाइजेशन फेलोशिप प्रोग्राम’, छात्र-उद्यमियों के बीच नवाचार को बढ़ावा

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) ने नवाचार को प्रोत्साहित करने और छात्र-उद्यमियों की मदद के लिए एक प्रमुख पहल — AICTE प्रोडक्टाइजेशन फेलोशिप (APF) प्रोग्राम की शुरुआत की है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को उनके अभिनव विचारों को व्यावसायिक उत्पादों और सेवाओं में बदलने के लिए मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता प्रदान करना है।

कौन कर सकता है आवेदन?
इस फेलोशिप के लिए AICTE से मान्यता प्राप्त संस्थानों या विश्वविद्यालयों में पूर्णकालिक स्नातक, स्नातकोत्तर या पीएचडी कर रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। एक टीम में अधिकतम तीन (विशेष मामलों में चार) सदस्य हो सकते हैं। यदि टीम में किसी अन्य संस्थान का छात्र है, तो उसे बोनाफाइड प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।

विशेष रूप से प्राथमिकता उन छात्रों को दी जाएगी, जिन्होंने हैकथॉन, ग्रांड चैलेंज या किसी नवाचार प्रतियोगिता में भाग लिया हो या विजेता रहे हों।

फेलोशिप में क्या मिलेगा?
यह फेलोशिप छात्रों की टीमों को उनके प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट से लेकर प्रोटोटाइप निर्माण, परीक्षण, बाजार में मान्यता और व्यावसायीकरण तक का मार्ग तय करने में मदद करेगी।

– चयनित टीमों को दो वर्षों तक ₹37,000 प्रति माह की मासिक फेलोशिप मिलेगी।
– इसके अतिरिक्त, विकास संबंधी खर्चों के लिए हर टीम को ₹50,000 वार्षिक आकस्मिक अनुदान भी मिलेगा।

फेलोशिप के दौरान छात्र कोई अन्य वित्तीय सहायता स्वीकार नहीं कर सकते। परियोजना के पेटेंट और व्यावसायिक अधिकार छात्र और संस्थान, दोनों के पास रहेंगे।

आवेदन कैसे करें?
यदि आप इस फेलोशिप के लिए पात्र हैं और आवेदन करना चाहते हैं, तो आप AICTE युक्ति पोर्टल (yukti.mic.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed