नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) के इतिहास में 30 मई 2025 को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने वाला है। पहली बार, 17 महिला कैडेट्स NDA की पासिंग आउट परेड (POP) में 300 से अधिक पुरुष कैडेट्स के साथ कदम से कदम मिलाकर ग्रेजुएट होंगी। यह 148वें कोर्स की पासिंग आउट परेड होगी।
NDA में महिलाओं का प्रवेश वर्ष 2021 में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद संभव हुआ था। इसके बाद 2022 में पहली बार 17 महिला कैडेट्स ने अकादमी में दाखिला लिया था। अब, तीन वर्षों की कठिन ट्रेनिंग के बाद ये कैडेट्स सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
“अकादमी पहले तोड़ती है, फिर बनाती है” – हरसिमरन कौर
कैडेट हरसिमरन कौर, जो जल्द ही भारतीय नौसेना का हिस्सा बनने जा रही हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि NDA में उनका पहला दिन बेहद भावनात्मक था।
“मैंने सूडान ब्लॉक और मार्च करते कैडेट्स को केवल तस्वीरों में देखा था। जब वो सब सामने था, तो रोंगटे खड़े हो गए।”
हरसिमरन के पिता भारतीय सेना में हवलदार रहे हैं और दादा भी सेना में थे, जिससे उनके अंदर बचपन से ही सैन्य जीवन के प्रति जुनून रहा।
“अकादमी में कठिन शारीरिक अभ्यास, व्यस्त दिनचर्या और अकादमिक चुनौतियों के बीच संतुलन साधना आसान नहीं था। लेकिन यहीं नेतृत्व, टीमवर्क और अनुशासन के गुण विकसित होते हैं।”
उन्होंने कहा कि पहले बैच की सदस्य होने के नाते उन्हें उच्च मानक स्थापित करने की जिम्मेदारी महसूस होती है, ताकि आने वाले महिला कैडेट्स उन्हें अनुसरण कर सकें।
“यह मेरे खून में है” – श्रीति दक्ष
कैडेट कैप्टन श्रीति दक्ष, जिनके पिता पूर्व NDA अधिकारी हैं और बहन भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं, ने बताया कि NDA से पास आउट होना उनके लिए गौरव का क्षण होगा।
“जब सुप्रीम कोर्ट ने NDA में महिलाओं के प्रवेश की अनुमति दी, तो मैंने इस मौके को बिना देर किए पकड़ा। यह फैसला हमारे लिए एक क्रांतिकारी बदलाव था।”
उन्होंने बताया कि शुरू से ही महिला कैडेट्स के लिए अलग स्क्वाड्रन और वॉशरूम की व्यवस्था थी, लेकिन ट्रेनिंग पुरुष कैडेट्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हुई।
“चुनौतियाँ मानसिक और शारीरिक दोनों थीं, लेकिन हमने एक-दूसरे का साथ निभाया और खुद को साबित किया।”
NDA में महिलाओं की यह पहली उड़ान
तीन वर्षों के कठोर अनुशासन, फिजिकल ट्रेनिंग, शैक्षणिक कक्षाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ यह पहला महिला बैच अब इतिहास का हिस्सा बनने जा रहा है। इन कैडेट्स ने न केवल खुद को साबित किया, बल्कि आने वाले सभी महिला उम्मीदवारों के लिए एक मजबूत उदाहरण भी पेश किया है।
NDA में यह परिवर्तन केवल महिलाओं के प्रवेश तक सीमित नहीं है; यह भारतीय सशस्त्र बलों की मानसिकता, लीडरशिप और समानता की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है।




Add comment