Edinbox Hindi

ममता सरकार ने 35 हजार से अधिक स्कूल शिक्षकों की भर्ती के लिए जारी की नोटिस, आवेदन 16 जून से शुरू

पश्चिम बंगाल स्कूल सेवा आयोग (WBSSC) ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत राज्य के सहायता प्राप्त माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए 35,726 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है, जिसे WBSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है। नोटिस के अनुसार, कक्षा 9-10 के लिए 23,312 और कक्षा 11-12 के लिए 12,514 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

सरकार ने इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की है। हालांकि आरक्षित वर्गों के लिए आयु में छूट दी जाएगी, जिसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवारों को 5 वर्ष, पिछड़े वर्गों को 3 वर्ष और दिव्यांग जनों को 8 वर्ष की छूट शामिल है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 जून 2025 को शाम 5 बजे शुरू होगी और 17 जून शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को OMR शीट की कार्बन कॉपी भी दी जाएगी, जिसे आयोग तीन साल तक सुरक्षित रखेगा।

पात्रता की बात करें तो कक्षा 9-10 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50% अंकों के साथ स्नातक या परास्नातक डिग्री और बी.एड. या चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीए एड/बीएससी एड डिग्री होनी चाहिए। वहीं, कक्षा 11-12 के लिए आवेदन करने वालों के पास कम से कम 50% अंकों के साथ परास्नातक डिग्री के साथ-साथ बी.एड. या चार वर्षीय इंटीग्रेटेड डिग्री आवश्यक है।

आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को ₹500, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों को ₹200 आवेदन शुल्क के रूप में देना होगा।

यह पूरी प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के बाद शुरू की गई है जिसमें कोर्ट ने कलकत्ता हाईकोर्ट के उस आदेश को बरकरार रखा था, जिसमें राज्य की पिछली शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अमान्य और भ्रष्ट करार दिया गया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि नियुक्तियों में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिसके बाद आयोग को नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed