
जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के सैद्धांतिक भौतिकी केंद्र के निदेशक प्रो. सुशांत जी घोष को ब्लैक होल भौतिकी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए GPS स्कॉलर द्वारा 2024 के उच्च रैंक वाले स्कॉलर के रूप में मान्यता दी गई है। इस मान्यता के साथ प्रो. घोष ने इस प्रतिस्पर्धी क्षेत्र में दुनिया भर में दूसरी सबसे ऊंची रैंक हासिल की है।
उनका शोध पोर्टफोलियो ब्लैक होल्स की सैद्धांतिक और प्रायोगिक (observational) भौतिकी पर केंद्रित है। इसमें प्रमुख रूप से रोटेटिंग ब्लैक होल के चारों ओर स्पेस-टाइम के क्वांटम सुधारों की जांच, ब्लैक होल द्वारा निर्मित फोटॉन रिंग और शैडो की उन्नत मॉडलिंग, स्ट्रॉन्ग ग्रेविटेशनल लेंसिंग के माध्यम से अत्यधिक गुरुत्वीय क्षेत्रों में प्रकाश के झुकाव की गहन व्याख्या जैसे विषय शामिल हैं।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति प्रोफेसर मजहर आसिफ ने प्रो. घोष को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “ब्लैक होल भौतिकी में प्रो. घोष की वैश्विक रैंकिंग न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह जामिया के संकाय सदस्यों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभरती वैज्ञानिक पहचान और प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।”
यह उपलब्धि न केवल प्रो. सुशांत घोष के अथक अनुसंधान कार्य का प्रमाण है, बल्कि यह भारत को ब्लैक होल भौतिकी जैसे जटिल और गहन शोध क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर एक मज़बूत उपस्थिति दिलाने में भी सहायक है।




Add comment