
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) देशभर के प्रिंसिपलों और स्कूल काउंसलरों की काउंसलिंग करेगा। बोर्ड जून के मध्य से उनके लिए करियर जागरूकता कार्यक्रमों की एक शृंखला शुरू करने जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं और करियर विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। यह पहल प्रिंसिपल और काउंसलर्स को सशक्त बनाएगी, ताकि वे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक और करियर अवसरों के प्रति मार्गदर्शन दे सकें।
छात्रों के लिए होगा लाभकारी
सीबीएसई के अनुसार, वैश्वीकृत दुनिया में छात्रों के लिए उच्च शिक्षा, छात्रवृत्तियों और नए-नए करियर विकल्पों के बारे में जानकारी प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 भी स्कूलों में मजबूत परामर्श प्रणाली की आवश्यकता पर बल देती है। इसी के मद्देनज़र सीबीएसई यह करियर जागरूकता कार्यक्रम शुरू कर रहा है।
कार्यक्रम का शेड्यूल
12 जून – रॉयल ग्लोबल स्कूल, असम
18 जून – दून इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून
20 जून – दिल्ली पब्लिक स्कूल (नॉर्थ बंगलूरू)
7 जुलाई – सनबीन स्कूल, वाराणसी
26 जुलाई – रॉकवुड हाई स्कूल, उदयपुर
प्रशिक्षण में क्या होगा शामिल?
सीबीएसई ने स्कूलों को एक लिंक भेजा है, जिसके माध्यम से प्रिंसिपल और काउंसलर पंजीकरण कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें इंटर्नशिप, व्यावसायिक प्रशिक्षण और छात्रवृत्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी जाएंगी, ताकि वे छात्रों तक सही और समुचित जानकारी पहुंचा सकें।




Add comment