
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में दाखिला CUET स्कोर और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। CUET स्कोर को प्राथमिकता दी जाएगी और यदि कोई उम्मीदवार CUET में शामिल नहीं हुआ है, तो उसकी मेरिट के आधार पर सीट आवंटित की जाएगी।
बीते वर्ष की नीति को जारी रखते हुए, एसओएल ने इस बार भी CUET और मेरिट आधारित प्रणाली को बरकरार रखने का फैसला किया है। पहले योजना थी कि दाखिले केवल मेरिट के आधार पर हों, लेकिन इस पर सहमति न बन पाने के कारण पिछले वर्ष जैसी व्यवस्था लागू रखने का निर्णय लिया गया।
एसओएल की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया, “हमने केवल मेरिट आधारित दाखिले की कोशिश की थी, लेकिन निर्णय नहीं हो पाया। अगर अचानक बदलाव करते तो छात्रों में भ्रम की स्थिति बनती, इसलिए पूर्ववत प्रक्रिया को जारी रखा गया है।”
एमचीए, बीलिब, एमलिब में दाखिले केवल मेरिट से होंगे। इसके लिए भी पंजीकरण प्रक्रिया को 16 जून से ही शुरू किया जा रहा है। वर्ष 2023-24 में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में दाखिले मेरिट से किए गए थे। जबकि उससे पहले डीयू की ओर से आयोजित होने वाले दिल्ली यूनिवर्सिटी एंट्रेस टेस्ट के माध्यम से हुए थे। बीते साल ही एसओएल ने पीजी में दाखिले सीयूईटी स्कोर से करने शुरू किए हैं।
एसओएल में पांच स्नातकोत्तर प्रोग्राम मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए), मास्टर ऑफ आट्र्स (हिंदी), मास्टर ऑफ आर्ट्स (हिस्ट्री), मास्टर ऑफ आर्ट्स (पालिटिक्ल साइंस), मास्टर ऑफ आर्ट्स (संस्कृत), मास्टर ऑफ कॉमर्स (एम.कॉम) की पढ़ाई होती है।




Add comment