
NEET UG 2025 परीक्षा में शामिल हुए लाखों छात्रों को अब परिणाम का इंतजार है, जिसकी घोषणा इस महीने के अंत तक होने की संभावना है। यह परीक्षा 4 मई 2025 को शिक्षा मंत्रालय की निगरानी और सुरक्षा उपायों के तहत सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। लेकिन अब परीक्षा के प्रश्नपत्र में त्रुटियों को लेकर छात्रों और अभिभावकों की चिंता सामने आ रही है।
प्रश्नपत्र में पृष्ठ क्रम की गड़बड़ी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान के सीकर और गुजरात के कुछ परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को ऐसे प्रश्नपत्र मिले, जिनके पृष्ठ क्रम में गड़बड़ी थी। सीकर में पेपर कोड 47 वाले परीक्षार्थियों ने शिकायत की कि प्रश्नपत्र के पृष्ठों का क्रम गलत था। जामनगर में गुजराती माध्यम के पेपर कोड 48 में भी इसी तरह की गड़बड़ी दर्ज की गई।
प्रश्नों के क्रम में गड़बड़ी और ओएमआर शीट पर असर
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कई प्रश्नपत्रों में प्रश्नों का क्रम अनुचित था—जैसे प्रश्न संख्या 7 के बाद सीधे प्रश्न 15 दिया गया। इस कारण कई विद्यार्थियों ने गलत उत्तर के गोले भर दिए, जिससे उनकी परीक्षा प्रभावित हुई। इसके अलावा, उत्तर पत्रक (OMR) में सही गोले ढूंढने में उनका कीमती समय बर्बाद हुआ।
अभिभावकों ने शिकायतें दर्ज कराईं
इन समस्याओं को लेकर अभिभावकों ने गुजरात सरकार और NTA के पास शिकायतें दर्ज कराई हैं। हालांकि, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की ओर से अभी तक इस विषय में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्नों की शिकायत
कुछ कोचिंग संस्थानों और परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया है कि प्रश्नपत्र में कुछ सवाल NEET के निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर थे। पेपर कोड 47 के प्रश्न संख्या 38 को इस संदर्भ में प्रमुख उदाहरण के तौर पर बताया गया है।
जल्द जारी हो सकता है रिजल्ट
NEET UG 2025 का रिजल्ट neet.nta.nic.in पर जल्द जारी होने की संभावना है। यह परीक्षा देशभर के 20 लाख से अधिक छात्रों के लिए MBBS, BDS और अन्य मेडिकल यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश का आधार है।




Add comment