Edinbox Hindi

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में पीजी एंट्रेंस परीक्षा के नतीजों में देरी, छात्र सोशल मीडिया पर जता रहे नाराजगी

जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेस के लिए प्रवेश परीक्षाएं तो आयोजित हो चुकी हैं, लेकिन परिणामों की घोषणा अब तक नहीं हो सकी है, जिससे उम्मीदवारों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। सोशल मीडिया पर कई छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से रिजल्ट जारी करने की तारीख स्पष्ट करने की मांग की है।

रिजल्ट में देरी पर उठे सवाल
छात्रों का कहना है कि उन्हें पहले बताया गया था कि परीक्षा के 10-15 दिन बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, लेकिन अब एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है और यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं है। कुछ प्रवेश परीक्षाएं अप्रैल के अंतिम सप्ताह और मई की शुरुआत में संपन्न हुई थीं, लेकिन अब तक परिणाम घोषित न होने से छात्रों की आगे की योजना प्रभावित हो रही है।

क्या कहती हैं यूनिवर्सिटी की पीआरओ?
जब इस मुद्दे पर जामिया की मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (Chief PRO) और प्रोफेसर सायमा सईद से बात की गई तो उन्होंने कहा, “सब कुछ निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चल रहा है। परिणाम जारी करने में कोई अनावश्यक देरी नहीं हो रही। 20-25 दिन का समय रिजल्ट तैयार करने के लिए सामान्य है। हम अन्य विश्वविद्यालयों की तुलना में अधिक व्यवस्थित और तेज़ हैं।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कई परीक्षाएं मल्टी-सिटी सेंटर पर आयोजित की गई थीं, और उनके परिणाम तैयार करने में तकनीकी रूप से थोड़ा अधिक समय लगता है।

क्या कहता है आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम?
जामिया मिल्लिया इस्लामिया द्वारा जारी आधिकारिक प्रवेश परीक्षा शेड्यूल के अनुसार, हर परीक्षा के 20-25 दिन के भीतर परिणाम जारी किए जाने का प्रावधान है।
उदाहरण के लिए, यदि कोई परीक्षा 1 मई को आयोजित हुई थी, तो 25 मई तक परिणाम जारी हो जाना चाहिए था। अब जब जून का मध्य भी बीत चुका है, छात्रों की चिंता और असमंजस बढ़ गया है।

छात्रों की मांग: स्पष्टता और पारदर्शिता
छात्रों का कहना है कि उन्हें परिणाम के आधार पर इंटरव्यू और ग्रुप डिस्कशन जैसे अगले चरणों की तैयारी करनी है, ऐसे में रिजल्ट में देरी उनकी तैयारी और मानसिक स्थिति पर असर डाल रही है।
छात्रों की अपील है कि विश्वविद्यालय परिणाम जारी करने की निश्चित तारीखों की घोषणा करे, ताकि वे आगे की योजना बना सकें और अनावश्यक असमंजस से बचा जा सके।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed