Edinbox Hindi

स्कूली और कॉलेज छात्रों के लिए एनएसपी स्कॉलरशिप की आवेदन प्रक्रिया शुरू, जानें पात्रता और आवेदन का तरीका

नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए देशभर के स्कूली और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सभी मंत्रालयों और विभागों की प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक और टॉप क्लास छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

क्या है नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP)?
NSP भारत सरकार की राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना (NeGP) के तहत संचालित एक केंद्रीकृत डिजिटल पोर्टल है, जो छात्रों को छात्रवृत्ति आवेदन से लेकर राशि सीधे बैंक खाते में मिलने तक की पूरी प्रक्रिया में सहायता करता है। यह प्लेटफ़ॉर्म छात्रों को विभिन्न योजनाओं को खोजने, आवेदन करने और उनकी स्थिति ट्रैक करने की सुविधा मुफ्त में देता है। अधिक जानकारी और आवेदन के लिए छात्र scholarships.gov.in वेबसाइट पर जा सकते हैं।

NSP के अंतर्गत उपलब्ध छात्रवृत्ति योजनाएं
NSP विभिन्न वर्गों और शिक्षा स्तरों के छात्रों के लिए कई प्रकार की छात्रवृत्तियां प्रदान करता है, जिनमें शामिल हैं:
मेरिट आधारित छात्रवृत्ति: शैक्षणिक रूप से उत्कृष्ट छात्रों के लिए।
मीन्स बेस्ड छात्रवृत्ति: आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए।
अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति: मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध और पारसी समुदाय के छात्रों के लिए।
प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति: कक्षा 1 से 10 तक के स्कूली छात्रों के लिए।
पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति: कक्षा 11 से लेकर कॉलेज स्तर तक के छात्रों के लिए।
सेंट्रल सेक्टर स्कॉलरशिप: स्नातक, परास्नातक और शोध स्तर पर अध्ययनरत छात्रों के लिए।
राज्य विशेष योजनाएं: विभिन्न राज्य सरकारों द्वारा चलाई जा रही छात्रवृत्तियां, जिनके पात्रता मानदंड और लाभ भिन्न हो सकते हैं।

एनएसपी स्कॉलरशिप 2025 के लिए पात्रता मानदंड
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को निम्नलिखित योग्यता शर्तें पूरी करनी होंगी:
– आवेदक की पारिवारिक वार्षिक आय अधिकतम ₹2,50,000 होनी चाहिए।
– पिछली योग्यता परीक्षा में सफलता आवश्यक है।
– आधार कार्ड अनिवार्य है।
– आरक्षित वर्गों के लिए वैध जाति प्रमाण पत्र आवश्यक है (यदि उस श्रेणी के तहत आवेदन कर रहे हों)।

NSP 2025 के लिए आवेदन कैसे करें?
छात्र नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर आसानी से आवेदन कर सकते हैं:
1. scholarships.gov.in वेबसाइट पर जाएं।
2. होमपेज पर “Apply for Scholarship” विकल्प पर क्लिक करें।
3. व्यक्तिगत जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन करें।
4. पंजीकरण के बाद मोबाइल नंबर पर एक संदर्भ संख्या (Reference Number) प्राप्त होगी।
5. पहचान सत्यापन के लिए आधार फेस RD ऐप और NSP OTR ऐप डाउनलोड करें।
6. चेहरे की पहचान पूरी कर OTR आईडी जनरेट करें।
7. जब छात्रवृत्ति फॉर्म उपलब्ध हो, तो OTR आईडी का उपयोग कर लॉगिन करें।
8. आवेदन पत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और अंतिम रूप से सबमिट करें।

छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे समय पर आवेदन करें और सभी दस्तावेजों की जांच कर लें ताकि छात्रवृत्ति प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed