
आईआईटी मद्रास परिसर में 25 जून की शाम एक 20 वर्षीय महिला प्रशिक्षु के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी 22 वर्षीय युवक संस्थान के फूड कोर्ट में अनुबंधित कर्मचारी के रूप में कार्यरत था।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर कोट्टूरपुरम पुलिस ने आरोपी की पहचान महाराष्ट्र निवासी रोशन कुमार के रूप में की और उसे 26 जून को गिरफ्तार कर रिमांड पर ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब पीड़िता शाम लगभग साढ़े सात बजे परिसर में अकेली टहल रही थी। आरोपी ने उसके पास आकर दुर्व्यवहार किया और बाल खींचने की कोशिश की, जिसके बाद पीड़िता ने शोर मचाया। कैंपस में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के डीजीपी को पत्र लिखा है। आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 के तहत निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। आयोग ने पीड़िता को तत्काल चिकित्सकीय और मनोवैज्ञानिक सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
आईआईटी मद्रास प्रशासन ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “25 जून को हमारे परिसर में एक संविदा कर्मचारी द्वारा बाहरी संस्थान से आई छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया गया। संस्थान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पुलिस के हवाले किया। संस्थान यौन उत्पीड़न के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति का पालन करता है और एक सुरक्षित परिसर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”




Add comment