
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावक स्कूल फीस में बेलगाम वृद्धि को लेकर लगातार परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। सोमवार को कुछ अभिभावक इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने पहुंचे, मगर पुलिस ने उन्हें मुख्य द्वार पर ही रोक दिया।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने मध्यम वर्ग को पूरी तरह से उपेक्षित कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि निजी स्कूलों और भाजपा सरकार के बीच मिलीभगत है, तभी स्कूल अपनी मनमर्जी से फीस बढ़ा रहे हैं और मुख्यमंत्री अभिभावकों से मिलने को भी तैयार नहीं हैं।
वहीं, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल सत्र के बीच में ही फीस बढ़ा रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार ने उन्हें खुली छूट दे रखी है। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार वास्तव में सख्त होती, तो अब तक ऐसे स्कूलों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
आतिशी ने यह भी कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन वाली सरकार ने पहले दावा किया था कि निजी स्कूलों की मनमानी पर लगाम लगाएंगे और इसके लिए अध्यादेश लाया जाएगा, लेकिन अब वही सरकार उस अध्यादेश को जनता से छुपा रही है।




Add comment