Edinbox Hindi

पंजाब के सरकारी स्कूलों में व्यवसायिक शिक्षा की शुरुआत, स्टार्टअप कल्चर को मिलेगा बढ़ावा

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ऐलान किया है कि ‘युवा उद्यमी योजना’ के तहत अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य के सरकारी स्कूलों में कक्षा 11वीं और 12वीं के सभी छात्रों को व्यवसाय और विपणन (बिजनेस व मार्केटिंग) से जुड़ी कौशल शिक्षा दी जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपना खुद का स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रेरित करना है।

एक सभा को संबोधित करते हुए मंत्री बैंस ने बताया कि ‘बिजनेस ब्लास्टर्स एक्सपो-2025’ के जरिए छात्रों को नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनने की दिशा में प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस उद्देश्य को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार वित्तीय और तकनीकी सहायता दोनों प्रदान कर रही है। एक्सपो के दौरान पंजाब के अलग-अलग सरकारी स्कूलों के छात्रों ने अपने व्यावसायिक विचार उद्योगपतियों, स्टार्टअप संस्थापकों और शिक्षाविदों के सामने प्रस्तुत किए, और सभी चयनित टीमों को आर्थिक सहायता भी दी गई।

मंत्री ने यह भी बताया कि नवाचार प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए 17 लाख रुपये का निवेश किया गया है, जिनमें छात्र अब IIT के सहयोग से अपने खुद के उत्पाद विकसित कर सकेंगे।

‘पंजाब युवा उद्यमी योजना’ पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने छात्रों की उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक नया युग शुरू किया है। इस योजना की शुरुआत राज्य के 30 स्कूलों में एक प्रायोगिक परियोजना के रूप में की गई थी, जिसमें छात्रों से अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने को कहा गया था।

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed