
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की पूरक परीक्षाएं मंगलवार, 15 जुलाई 2025 से शुरू हो रही हैं। यह परीक्षाएं उन छात्रों के लिए आयोजित की जाती हैं, जो मुख्य परीक्षा में एक या अधिक विषयों में अनुत्तीर्ण रहे हैं। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों पर जरूरी सामग्री पहुंचा दी गई है और एडमिट कार्ड भी ऑनलाइन जारी किए जा चुके हैं। छात्रों को 15 मिनट की अतिरिक्त रीडिंग टाइम दी जाएगी।
12वीं की पूरक परीक्षा एक दिन में
कक्षा 12वीं के जिन छात्रों को कंपार्टमेंट मिला है, उनकी सभी विषयों की परीक्षा 15 जुलाई को एक ही दिन में आयोजित की जाएगी। छात्रों को केवल उन्हीं विषयों की परीक्षा देनी होगी जिनमें वे अनुत्तीर्ण हुए हैं।
10वीं की परीक्षा 22 जुलाई तक चलेगी
कक्षा 10वीं की पूरक परीक्षाएं 15 जुलाई से 22 जुलाई 2025 तक चलेंगी। पहले दिन इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों की परीक्षा होगी। अधिकांश विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी, जबकि कुछ विषयों की परीक्षा दो घंटे की होगी, जो 10:30 से 12:30 बजे तक होगी।
बोर्ड परीक्षा 2025 का परिणाम
CBSE ने 13 मई 2025 को कक्षा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी किया था। 12वीं में 16.92 लाख छात्रों में से 14.96 लाख पास हुए, पास प्रतिशत रहा 88.39%। 10वीं में 23.71 लाख छात्रों में से 22.21 लाख छात्र सफल रहे, पास प्रतिशत रहा 93.66%।जिन छात्रों को एक या दो विषयों में कंपार्टमेंट मिला है, उनके लिए यह पूरक परीक्षा दोबारा अवसर प्रदान करती है, जिससे वे अगले कक्षा में प्रवेश लेकर अपना शैक्षणिक सत्र बिना रुकावट पूरा कर सकें।
CBSE की ओर से जारी दिशा-निर्देश
– छात्र परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार के संचार उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ आदि लेकर न आएं।
– अनुचित साधनों (Unfair Means) का इस्तेमाल करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
– सभी छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
यह पूरक परीक्षा छात्रों के लिए सुधार का एक महत्वपूर्ण अवसर है। बोर्ड ने परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और अनुशासित बनाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।




Add comment