
NEET PG 2025 के लिए शहर सूचना पर्ची (City Information Slip) जारी कर दी गई है, लेकिन इस बार राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) की एक संभावित बड़ी चूक सामने आई है। कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की है कि स्लिप में परीक्षा शहर की जगह केवल राज्य का नाम दिखाया गया है, जिससे वे भ्रम की स्थिति में हैं।
गौरतलब है कि सिटी स्लिप का मुख्य उद्देश्य उम्मीदवारों को यह बताना होता है कि उनकी परीक्षा किस शहर में होगी, ताकि वे यात्रा और योजना पहले से कर सकें। लेकिन इस बार कई स्टूडेंट्स को उनकी स्लिप में गुजरात, राजस्थान या महाराष्ट्र जैसे राज्यों के नाम ही दिखाई दिए हैं — किसी खास शहर का कोई उल्लेख नहीं है। इससे इस दस्तावेज़ की उपयोगिता ही खत्म होती नजर आ रही है।
सोशल मीडिया पर फूटा छात्रों का गुस्सा
परेशान परीक्षार्थियों ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए इस गड़बड़ी पर नाराज़गी जताई है। एक यूजर ने अपनी स्लिप का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा: “कुछ छात्रों को राज्य का नाम शहर के रूप में मिला है। उम्मीद है NBEMS को यह पता होगा कि गुजरात कोई शहर नहीं है। कृपया इसे जल्द ठीक करें।”
एक अन्य छात्र, जिसे “परीक्षा शहर” के तौर पर राजस्थान मिला, ने तंज कसते हुए लिखा: “एनबीईएमएस को सलाम।”
महाराष्ट्र के एक परीक्षार्थी ने पोस्ट किया: “और #NEETPG का कारवां जारी है… ये लोग हमेशा कुछ नया कर दिखाते हैं! इस बार ‘सेंटर सिटी’ की जगह सिर्फ राज्य बता दिया है। #NEETPG2025”
क्या यह चूक सभी आवेदकों पर असर डाल रही है?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह समस्या सभी परीक्षार्थियों के साथ हुई है या केवल कुछ चयनित आवेदकों के साथ। लेकिन इतना तय है कि यह गलती परीक्षा की तैयारी और लॉजिस्टिक प्लानिंग को प्रभावित कर सकती है।
NBEMS की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं हुआ है। छात्र उम्मीद कर रहे हैं कि बोर्ड जल्द से जल्द इस गलती को सुधारकर सटीक शहर की जानकारी प्रदान करेगा।




Add comment