Edinbox Hindi

महत्वपूर्ण बैठकों और चर्चाओं से पहले मानसिक तैयारी क्यों है ज़रूरी?

अक्सर देखा गया है कि कई पेशेवर बिना मानसिक रूप से तैयार हुए ही ऑफिस में किसी अहम बातचीत, प्रोजेक्ट समीक्षा, बड़े निर्णय या महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा ले लेते हैं। ऐसा करने से न केवल उनका प्रदर्शन कमजोर होता है, बल्कि टीम के साथ तालमेल भी प्रभावित होता है।

इसका एक बड़ा कारण यह है कि वे मीटिंग को रोज़मर्रा के कामों की तरह लेते हैं—बिना किसी विशेष उत्साह या जिज्ञासा के। जबकि जब आप पूरी रुचि, उत्सुकता और खुले मन से किसी बैठक या समीक्षा में शामिल होते हैं, तो आप चीज़ों को व्यापक दृष्टिकोण से देख पाते हैं, दूसरों के नजरिए को समझते हैं और अधिक रचनात्मक समाधान खोज पाते हैं।

बातचीत से पहले खुद से पूछें सही सवाल
अधिकांश पेशेवर बातचीत में जाने से पहले सिर्फ अपनी बातों, तर्कों और संभावित सवालों की तैयारी करते हैं। यह तैयारी उन्हें एक सीमित सोच में बाँध देती है।
अगर आप सच में कुछ नया जानना चाहते हैं, तो खुद से सवाल करें:
– क्या मैं किसी गलती या चूक को नजरअंदाज़ कर रहा हूं?
– क्या मैं सिर्फ अपनी बात मनवाने जा रहा हूं या कुछ समझने भी?

जिज्ञासा आपको सोचने के लिए मजबूर करती है और दिमाग को उसकी पूरी क्षमता से काम करने में मदद देती है। इससे आप न केवल बेहतर संवाद करते हैं, बल्कि जटिल समस्याओं को भी सरलता से सुलझा सकते हैं।

‘जिज्ञासा वक्र’ अपनाएं
बातचीत में जाने से पहले अपनी मानसिक स्थिति को समझना एक महत्वपूर्ण अभ्यास है, जिसे “क्यूरियोसिटी कर्व” (Curiosity Curve) कहा जाता है। इसका मतलब है—यह जाँचना कि आप पुराने सोच के साथ मीटिंग में जा रहे हैं या वाकई कुछ नया समझने की कोशिश कर रहे हैं।

खुद से सवाल करें:
– क्या मैं असहमति को खुले मन से सुनूंगा?
– क्या मैं पहले से ही किसी निष्कर्ष पर पहुंच गया हूं?
– क्या मैं दूसरे की बातों को नज़रअंदाज़ तो नहीं कर रहा?

यह आत्ममंथन आपको बातचीत के लिए ज्यादा तैयार और ग्रहणशील बनाता है।

सतर्क रहें, सोच में लचीलापन लाएं
अगर आप भीतर ही भीतर संदेह या विरोध की भावना के साथ चर्चा की शुरुआत कर रहे हैं, तो सतर्क हो जाइए। यह मानसिकता संवाद को प्रभावित कर सकती है। बेहतर है कि आप अपनी सोच को सहजता और खुलेपन की दिशा में मोड़ें।

अपने भीतर यह निर्णय लें कि आप सीखने और समझने के इरादे से इस संवाद का हिस्सा बनना चाहते हैं।

स्थिति को समझने के लिए स्वयं से सवाल करें
बातचीत से पहले स्वयं से कुछ सरल लेकिन प्रभावी सवाल पूछें:
– क्या सामने वाले की कोई ऐसी बात है जो मैं नहीं समझ रहा?
– क्या मेरी कोई बात या व्यवहार अनजाने में उन्हें असहज कर रहा है?
– क्या मैं किसी पूर्व धारणा के साथ बैठा हूं?
– क्या उनके पास ऐसी जानकारी है, जो मेरे पास नहीं है?

इन सवालों से आपको विषय और व्यक्ति की स्थिति का वास्तविक आकलन करने में मदद मिलेगी। इससे संवाद न केवल अधिक प्रभावी होगा, बल्कि एक सकारात्मक और सहयोगी माहौल भी बनेगा।

मीटिंग, प्रेजेंटेशन या किसी भी अहम पेशेवर संवाद में जाने से पहले सिर्फ तथ्यों की नहीं, सोच की भी तैयारी ज़रूरी है। उत्सुकता, जिज्ञासा और खुले दिमाग के साथ आप न सिर्फ बेहतर पेशेवर बनते हैं, बल्कि दूसरों के साथ आपकी संवाद शैली भी गहराई और प्रभाव में बदल जाती है।

 

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed