
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नागपुर के एक 22 वर्षीय इंटर्न ने अपने हॉस्टल के कमरे में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
सोनेगांव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि संकेत पंडितराव दाभाड़े रविवार को एम्स हॉस्टल के अपने कमरे के बाथरूम के दरवाजे से लटका पाया गया। उन्होंने बताया कि परभणी जिले के जिंतूर के रहने वाले दाभाड़े ने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और एम्स में इंटर्नशिप कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि उनके दोस्तों ने उन्हें आखिरी बार शनिवार रात को देखा था और अगले दिन जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं आए तो उन्हें शक हुआ।
उन्होंने हॉस्टल वार्डन को सूचित किया, जिन्होंने कमरा खोला और दाभाड़े का शव पाया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच के लिए मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।




Add comment