Edinbox Hindi

‘परीक्षा पे चर्चा’ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, गिनीज़ बुक में दर्ज हुई PM मोदी की पहल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रिय पहल परीक्षा पे चर्चा (PPC) ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शिक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि इस पहल ने “एक महीने में नागरिक सहभागिता मंच पर सबसे अधिक पंजीकरण” के लिए गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। आठवें संस्करण के दौरान 3.53 करोड़ वैध पंजीकरण दर्ज हुए।

गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र प्रदान किए जाने के एक कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “परीक्षा पे चर्चा ने परीक्षा को तनाव से मुक्त एक उत्सव में बदलते हुए, इसे एक राष्ट्रीय दृष्टिकोण के रूप में पुनर्परिभाषित किया है।” उन्होंने बताया कि PPC 2025 को 21 करोड़ से अधिक लोगों ने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर देखा।

उन्होंने आगे कहा, “PPC 2025 में जबरदस्त भागीदारी, समग्र और समावेशी शिक्षा की दिशा में देश की सामूहिक प्रतिबद्धता और विकसित भारत की सोच को दर्शाती है।”

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी कार्यक्रम को एक अद्वितीय पहल बताया जो छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को जोड़ते हुए तनावमुक्त और स्वस्थ शिक्षा को बढ़ावा देती है।

क्या है ‘परीक्षा पे चर्चा’?
परीक्षा पे चर्चा एक वार्षिक संवाद कार्यक्रम है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों से बातचीत करते हैं। वे इस दौरान छात्रों के तनाव, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास आदि से जुड़े सवालों के जवाब भी देते हैं।

शुरुआत और विकास
इस पहल की शुरुआत फरवरी 2018 में तालकटोरा स्टेडियम से हुई थी। इसके बाद से यह हर साल विभिन्न प्रारूपों में आयोजित होता आ रहा है। सातवां संस्करण प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित हुआ, जिसमें अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों ने भी भाग लिया।

वर्ष 2025 में आयोजित आठवें संस्करण में यह कार्यक्रम और भी भव्य रूप में सामने आया। इसमें दीपिका पादुकोण, एमसी मैरीकॉम और सद्गुरु जैसी जानी-मानी हस्तियाँ शामिल हुईं, जिससे यह कार्यक्रम और भी प्रभावशाली बन गया।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed