
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के छात्र अब एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा, डेटा विश्लेषण और डिजिटल साक्षरता जैसे अत्याधुनिक कौशल से लैस होंगे। इसके लिए डीयू ने गूगल क्लाउड के साथ एक बहुवर्षीय सहयोग समझौता किया है। इस साझेदारी के तहत छात्र स्टार्टअप्स के लिए इनक्यूबेशन सहायता, तकनीकी सहयोग और क्लाउड क्रेडिट जैसी सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी ने कहा कि इस सहयोग से गूगल और डीयू दोनों को लाभ होगा। वहीं, डीयू रजिस्ट्रार डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि एनईपी 2020 के अनुरूप शुरू किए गए कोर्सों को यह साझेदारी और मजबूत करेगी, जिससे छात्रों को भविष्य के लिए जरूरी कौशल मिलेंगे।
एआई-आधारित शिक्षा की ओर कदम
छात्र विशेष पाठ्यक्रमों के जरिए उद्योग में अग्रणी प्रोग्राम्स में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे। इसमें व्यावहारिक प्रयोगशालाएं, मूल्यांकन और प्रमाणन शामिल हैं। इसके अलावा, कैंपस में हैकथॉन और वेबिनार का आयोजन भी होगा।
गूगल क्लाउड इंडिया के प्रबंध निदेशक शशिकुमार श्रीधरन ने कहा, “दिल्ली विश्वविद्यालय के साथ हमारा यह सहयोग भारत में एक एआई-सक्षम शैक्षणिक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” इस अवसर पर डीयू कल्चर काउंसिल के अध्यक्ष अनूप लाठर, टेक्नोलॉजी फैकल्टी डीन प्रो. संजीव सिंह और गूगल क्लाउड इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।




Add comment