Edinbox Hindi

आइसा और एसएफआई मिलकर लड़ेंगें दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव, 2 सितंबर को महापंचायत

लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव के लिए गठबंधन करने की घोषणा की। दोनों संगठनों का कहना है कि वे कैंपस राजनीति में पैसे और बाहुबल के प्रभाव के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। यह घोषणा प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की गई।

समझौते के तहत आइसा अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर उम्मीदवार उतारेगी, जबकि एसएफआई उपाध्यक्ष और सचिव पद से चुनाव लड़ेगी। एसएफआई की दिल्ली राज्य सचिव आइशी घोष ने कहा, “एसएफआई और आइसा हमेशा से डीयू की राजनीति में धन और बाहुबल के वर्चस्व का विरोध करते रहे हैं। पिछले वर्ष हमारे पैनल को करीब 9,000 वोट मिले थे। इस बार भी हम गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा के मुद्दे पर साझा मंच से संघर्ष करेंगे।”

आइसा की डीयू अध्यक्ष सावी ने आरोप लगाया कि मौजूदा शासनकाल में विश्वविद्यालयों पर “चौतरफा हमले” हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम ने शिक्षा की गुणवत्ता और सामग्री को कमजोर कर दिया है। अलग-अलग कॉलेजों और कोर्सों में लगातार फीस बढ़ाई जा रही है। हाल ही में मेट्रो किराया वृद्धि का सबसे अधिक बोझ छात्रों पर पड़ा है। इसलिए यह चुनाव सुलभ और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की लड़ाई होगा।”

2 सितंबर को डीयू महापंचायत

गठबंधन ने अपनी मांगों को लेकर 2 सितंबर को ‘डीयू महापंचायत’ बुलाने की घोषणा की। उनकी प्रमुख मांगों में फीस वृद्धि की वापसी, छात्रों के लिए रियायती मेट्रो पास, सभी छात्रों को हॉस्टल सुविधा, प्रत्येक कॉलेज में आंतरिक शिकायत समिति का गठन और “फर्जी SEC व VAC कोर्स” तथा आंतरिक मूल्यांकन योजना को खत्म करना शामिल है।

नेताओं ने आरएसएस और एबीवीपी पर आरोप लगाया कि उन्होंने पिछले एक दशक में दिल्ली विश्वविद्यालय को “प्रयोगशाला” बना दिया है। गठबंधन ने कहा कि वे “शिक्षा के निजीकरण और भगवाकरण को बढ़ावा देने वाले आरएसएस-एबीवीपी-प्रशासन गठजोड़” के खिलाफ मिलकर संघर्ष करेंगे।

 

Asmita Sarkar

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed