
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए यू-स्पेशल बस सेवा को दोबारा शुरू किया। इस अवसर पर उन्होंने 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाई, जिनमें 30 साल बाद फिर से सड़कों पर लौट रहीं 50 पुनर्निर्मित यू-स्पेशल बसें भी शामिल हैं। यह सेवा दिल्ली विश्वविद्यालय के 67 कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को जोड़ेगी।
नई ई-बसे 25 से अधिक रूटों पर चलेंगी और प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर रुकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों को मेट्रो में रियायती पास उपलब्ध कराने पर भी गंभीरता से काम कर रही है।
सुविधाओं से लैस आधुनिक बसें
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि सभी यू-स्पेशल बसें इलेक्ट्रिक और एसी होंगी। इनमें सीसीटीवी, पैनिक बटन और क्यूआर कोड के जरिए गाने सुनने की सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बसों की संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
डीयू ने जताया आभार
दिल्ली विश्वविद्यालय ने इस पहल का स्वागत करते हुए सीएम का धन्यवाद किया। विश्वविद्यालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह कदम छात्रों के लिए स्थायी व सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करेगा और हजारों युवाओं को लाभान्वित करेगा।
पिछली सरकार पर निशाना
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि यू-स्पेशल बसें कभी छात्रों की “जीवन रेखा” थीं, लेकिन पिछली सरकार ने इन्हें बंद कर दिया था। उन्होंने टिप्पणी की, “जहां पिछली सरकारें यू-टर्न लेती थीं, हमारी सरकार दिल्ली को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहती है।”




Add comment