
राजस्थान हाईकोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाते हुए 2021 की सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को रद्द कर दिया है। यह फैसला उस समय आया जब अदालत पेपर लीक मामले की सुनवाई कर रही थी। 28 अगस्त को अदालत ने पेपर लीक को सही मानते हुए परीक्षा रद्द करने का आदेश दिया, जिससे 859 चयनित उम्मीदवारों की नौकरी पर संकट खड़ा हो गया है। जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने 14 अगस्त को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।
लंबे समय से विवादों में थी भर्ती परीक्षा
यह भर्ती परीक्षा लंबे समय से विवादों में घिरी रही। पेपर लीक मामले की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही थी, जिसकी प्रमुख एजेंसी एसओजी ने अब तक 50 से अधिक ट्रेनी थानेदारों को गिरफ्तार किया है। इनमें से ज्यादातर को पुलिस सेवा से बर्खास्त भी किया जा चुका है।
भर्ती प्रक्रिया की टाइमलाइन
– परीक्षा कुल 859 पदों के लिए आयोजित की गई थी।
– लगभग 8 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया, जिनमें से 3.5 लाख से अधिक परीक्षा में शामिल हुए।
– 24 दिसंबर 2021 को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी हुआ। करीब 20 हजार उम्मीदवार पास हुए और उन्होंने फिजिकल टेस्ट दिया।
– फिजिकल टेस्ट 12 से 18 फरवरी 2022 तक हुए, जिनका परिणाम 11 अप्रैल 2022 को घोषित हुआ।
– इसके बाद 3291 उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल हुए और फाइनल रिजल्ट 1 जून 2023 को जारी किया गया।
कहां हुआ था पेपर लीक?
यह भर्ती परीक्षा राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा 13, 14 और 15 दिसंबर 2021 को हुई थी। पेपर हसनपुरा स्थित शांति नगर के रवींद्र बाल भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल से लीक हुआ था। इस गड़बड़ी में स्कूल के प्रिंसिपल और परीक्षा केंद्र अधीक्षक राजेश खंडेलवाल की मुख्य भूमिका सामने आई। यह कांड गहलोत सरकार के दौरान हुआ था।
सरकार बदली तो SIT जांच शुरू
2023 में बीजेपी की सरकार आने के बाद इस पेपर लीक मामले की जांच SIT को सौंप दी गई। मार्च 2024 से गिरफ्तारियां शुरू हुईं। वहीं, 18 नवंबर 2024 को ट्रेनिंग कर रहे सब-इंस्पेक्टर्स की पासिंग आउट परेड और नियुक्ति पर रोक लगा दी गई थी।




Add comment