
इंजीनियरिंग वह क्षेत्र है जिसने आधुनिक विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। पिछले 100 सालों में वैश्विक स्तर पर जितनी तेज़ी से प्रगति हुई है, उसका प्रमुख आधार इंजीनियरिंग ही है। यही कारण है कि भारत में इंजीनियरिंग पढ़ाई को लेकर युवाओं में जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। हर साल लाखों छात्र देश-विदेश के कॉलेजों में दाखिला लेते हैं। विदेश में पढ़ाई करने वालों के लिए अमेरिका सबसे लोकप्रिय डेस्टिनेशन माना जाता है।
बड़ा सवाल: भारत बनाम अमेरिका में टॉप इंजीनियरिंग संस्थान
अमेरिका में सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान MIT (मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) है, जबकि भारत में यह स्थान IIT दिल्ली (IIT-D) को प्राप्त है। ऐसे में तुलना जरूरी हो जाती है—कौन-सा संस्थान बेहतर है, फीस कितनी है, एडमिशन प्रोसेस कैसा है और पढ़ाई के लिहाज़ से कौन-सा विकल्प अधिक उपयुक्त है।
QS रैंकिंग के अनुसार MIT और IIT
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट के अनुसार, MIT दुनिया की नंबर वन इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी है। इसकी स्थापना 1861 में हुई थी और यह अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के कैम्ब्रिज शहर में स्थित है।
वहीं, भारत में शीर्ष स्थान IIT दिल्ली का है। इसकी स्थापना 1961 में हुई थी और यह देश के 23 IITs में से एक है।
फीस स्ट्रक्चर: MIT बनाम IIT-D
MIT (अमेरिका):
ट्यूशन फीस लगभग 57 लाख रुपये प्रति वर्ष है। हॉस्टल और अन्य खर्चों को जोड़ने पर कुल वार्षिक खर्च लगभग 76 लाख रुपये हो जाता है। चार साल की डिग्री पर लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। हालांकि, यहां स्कॉलरशिप और आय-आधारित छूट भी मिलती है।
– जिन परिवारों की सालाना आय 1.76 करोड़ रुपये से कम है, उन्हें ट्यूशन फीस नहीं देनी पड़ती।
– 88 लाख रुपये से कम आय वालों के बच्चों को पूरी पढ़ाई मुफ्त मिलती है।
IIT दिल्ली (भारत):
– चार वर्षीय बीटेक डिग्री पर औसतन 12.50 लाख रुपये का खर्च आता है।
– आय 5 लाख रुपये से कम होने पर फीस घटकर 1.22 लाख रुपये सालाना रह जाती है।
– आय 1 लाख से कम होने पर फीस केवल 22,400 रुपये सालाना है।
– SC/ST और PwD छात्रों के लिए भी यही कम फीस लागू होती है।
एडमिशन और एक्सेप्टेंस रेट
MIT (अमेरिका):
एक्सेप्टेंस रेट सिर्फ 4.7% है। एडमिशन के लिए SAT/ACT स्कोर, स्कूल के नंबर, रिकमेंडेशन लेटर, निबंध, एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटी और इंटरव्यू की आवश्यकता होती है।
IIT दिल्ली (भारत):
एडमिशन JEE मेन और JEE एडवांस्ड परीक्षा पर आधारित है। हर साल 10 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देते हैं। 18 हजार सीटों में से IIT-D की करीब 1,250 सीटें होती हैं।एक्सेप्टेंस रेट 1% से भी कम हो जाता है।
यानी MIT की तुलना में IIT में दाखिला पाना कहीं ज्यादा मुश्किल है।
कौन-सा विकल्प बेहतर है?
MIT:
विदेश में पढ़ाई और वहीं करियर बनाने का सपना रखने वालों के लिए आदर्श। दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटी का अनुभव और वैश्विक exposure मिलता है। लेकिन खर्च बेहद ज्यादा है।
IIT दिल्ली:
सीमित बजट वाले, लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए परफेक्ट विकल्प। यहां उत्कृष्ट प्लेसमेंट मिलते हैं और कई बार अमेरिकी कंपनियां सीधे कैंपस से भर्ती भी करती हैं। यानी IIT-D से पढ़ाई के बाद भी विदेश जाने का अवसर खुला रहता है।
यानी अगर बजट और विदेश में सेटल होने का लक्ष्य है तो MIT चुनें, और अगर कम खर्च में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा भारत में ही चाहते हैं तो IIT दिल्ली आपके लिए सबसे सही विकल्प है।




Add comment