
ब्रिटेन सरकार ने विदेशी छात्रों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। नए अभियान के तहत उन्हें चेतावनी दी जा रही है कि वीजा एक्सपायर होने के बाद अगर वे देश में रुके तो डिपोर्ट कर दिया जाएगा।
गृह मंत्री यवेट कूपर ने स्पष्ट कहा है कि जिन लोगों का कानूनी दर्जा खत्म हो चुका है, उन्हें हर हाल में देश से हटाया जाएगा। बताया जा रहा है कि ब्रिटेन में बड़ी संख्या में छात्र वीजा की अवधि पूरी होने के बावजूद अवैध रूप से रह रहे हैं, जिन्हें सरकार अब बाहर निकालना चाहती है।
पहली बार मैसेज और ईमेल से चेतावनी
बीबीसी रिपोर्ट के अनुसार, गृह मंत्रालय ने पहली बार टेक्स्ट मैसेज और ईमेल के जरिए विदेशी छात्रों से संपर्क किया है। करीब 10 हजार छात्रों को यह चेतावनी भेजी गई है, जिनके वीजा जल्द ही एक्सपायर होने वाले हैं। संदेश में साफ कहा गया है कि वीजा अवधि से ज्यादा ठहरने पर उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा। आने वाले महीनों में और भी हजारों छात्रों को इसी तरह का नोटिस मिलने की संभावना है।
मैसेज की मुख्य बातें
ब्रिटिश गृह मंत्रालय के संदेश में कहा गया है: “अगर आपके पास ब्रिटेन में रहने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है, तो आपको देश छोड़ना होगा। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो हम आपको हटाएंगे।”
साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि कमजोर या योग्यता-रहित शरण दावे तुरंत खारिज कर दिए जाएंगे। दरअसल, कई छात्र पढ़ाई पूरी होने के बाद ब्रिटेन में रुकने के लिए शरण का आवेदन कर देते हैं, जिससे सरकार लगातार परेशान रही है।




Add comment