
न्यूजीलैंड की ओटागो यूनिवर्सिटी ने भारतीय छात्रों को आकर्षित करने के लिए लाखों रुपये की स्कॉलरशिप देने का ऐलान किया है। वर्तमान में न्यूजीलैंड में विदेशी छात्रों का 11% हिस्सा भारतीयों का है, और पिछले साल उनकी संख्या में 34% की रिकॉर्ड वृद्धि हुई। सिर्फ ओटागो यूनिवर्सिटी में ही 2024 में भारतीय छात्रों के दाखिले में 45% बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी रुझान को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने स्कॉलरशिप योजना शुरू की है।
दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में ‘ओटागो एक्सपीरियंस’ पहल
ओटागो यूनिवर्सिटी ने हायर एजुकेशन सेक्टर की कंपनी OneStep Global के साथ पार्टनरशिप की है। इसके तहत पहली बार दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु में ‘ओटागो एक्सपीरियंस स्टूडेंट आउटरीच’ पहल शुरू होगी।
इस कार्यक्रम में छात्रों को यूनिवर्सिटी की फैकल्टी से मुलाकात का अवसर मिलेगा।उन्हें हेल्थ साइंसेज, बिजनेस, ह्यूमैनिटीज और साइंस से जुड़े कोर्सेज की जानकारी दी जाएगी। इससे छात्रों को सही कोर्स और एडमिशन का निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
लाखों रुपये की स्कॉलरशिप और मुफ्त हॉस्टल सुविधा
अंडरग्रेजुएट कोर्सेज के लिए आने वाले छात्रों को लगभग 8 लाख रुपये की स्कॉलरशिप मिलेगी। उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन वाले छात्रों को 23 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप दी जाएगी। पहले साल हॉस्टल शुल्क पूरी तरह माफ होगा। इस तरह छात्र बिना आर्थिक दबाव के न्यूजीलैंड में पढ़ाई का सपना पूरा कर सकेंगे।
मजबूत हो रहे भारत–न्यूजीलैंड संबंध
न्यूजीलैंड के पूर्व डिप्टी प्रधानमंत्री ग्रांट रॉबर्टसन ने कहा, “यह अपनी तरह का पहला और बेहद रोमांचक इवेंट है। यह हमारी फैकल्टी के लिए भारतीय छात्रों से मिलने और उनके अकादमिक सफर को बेहतर बनाने का शानदार अवसर है। हमें भारतीय एजुकेशन पार्टनर्स के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर गर्व है, और यह कार्यक्रम उन संबंधों की मजबूती का प्रतीक है।”




Add comment