
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के नॉन-कोलिजिएट वीमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) केंद्रों की खाली सीटें अब स्पेशल ड्राइव के माध्यम से भरी जाएंगी। इसके लिए सोमवार को विशेष ड्राइव कटऑफ सूची जारी की जाएगी। इसमें उन छात्रों को मौका मिलेगा जिन्होंने चौथी और पाँचवीं कटऑफ में किसी कारणवश प्रवेश नहीं लिया था।
12 सितंबर तक जमा करनी होगी फीस
एनसीवेब की निदेशक प्रो. गीता भट्ट के अनुसार, बीए और बीकॉम प्रोग्राम की शेष सीटों को इस विशेष ड्राइव के जरिए भरा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार 9 सितंबर सुबह 10 बजे से 10 सितंबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद, 11 सितंबर शाम 5 बजे तक कॉलेज में दाखिले की औपचारिकताएँ पूरी करनी होंगी। उम्मीदवारों को प्रवेश शुल्क 12 सितंबर शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
कितनी सीटें हैं खाली?
बीए और बीकॉम प्रोग्राम में कुल 15,200 सीटें निर्धारित हैं, जिनमें से लगभग 12,000 सीटें पहले ही भरी जा चुकी हैं। अभी भी ओबीसी और एसटी वर्ग की सीटें कई केंद्रों पर खाली हैं, जबकि एससी और जनरल श्रेणी की ज्यादातर सीटें भर चुकी हैं। कुछ केंद्रों पर तो अब एक भी सीट शेष नहीं है। इस बार दाखिले के लिए लगभग 17,500 आवेदन प्राप्त हुए थे।
26 कॉलेज केंद्रों पर पढ़ाई
एनसीवेब के तहत कुल 26 कॉलेज केंद्रों में पढ़ाई कराई जाती है। इनमें हंसराज कॉलेज और मिरांडा हाउस जैसे प्रमुख संस्थान भी शामिल हैं। इन केंद्रों पर बीए और बीकॉम की कक्षाएँ सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में आयोजित की जाती हैं।




Add comment