
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई। चार पदों के लिए कुल 73 नामांकन वैध पाए गए। इनमें अध्यक्ष पद पर सबसे अधिक 21, सचिव पद पर 20, संयुक्त सचिव पर 17 और उपाध्यक्ष पद पर 15 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. राज किशोर शर्मा ने बताया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि गुरुवार दोपहर 12 बजे तक है, जिसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। मतदान 18 सितंबर को होगा। इस बार 15 महिला प्रत्याशी भी चुनावी मैदान में हैं।
नॉर्थ कैंपस स्थित चुनाव कार्यालय में विभिन्न छात्र संगठनों के प्रत्याशी समर्थकों के साथ पहुंचे। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की ओर से कबीर, गोपाल चौधरी, दीपांशु शौकीन, राहुल झांसला, दिव्यांशु सिंह, लवकुश भड़ाना, जोसलिन चौधरी और उमांशी ने नामांकन दाखिल किया। वहीं स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) और ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) ने संयुक्त रूप से उम्मीदवार उतारे हैं। एसएफआई से सोहन कुमार और अभिनंदना तथा आइसा से अंजलि और अभिषेक ने नामांकन किया है।
एबीवीपी आज करेगी पैनल की घोषणा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी अपने छह संभावित उम्मीदवारों—आर्यन मान, दीपिका झा, गोविंद तंवर, कुणाल चौधरी, लक्ष्य राज सिंह और यश उवास—के नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें से चार को केंद्रीय पैनल के प्रत्याशी बनाया जाएगा, जिसकी घोषणा 11 सितंबर को होगी।
एबीवीपी दिल्ली प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने बताया कि संगठन ने छात्र हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों—जैसे एक पाठ्यक्रम-एक शुल्क, हॉस्टल आवंटन, आंतरिक शिकायत समिति का सुचारु संचालन, छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल और सभी कॉलेजों में एनसीसी व्यवस्था—को लेकर लगातार आवाज उठाई है। हाल ही में एबीवीपी-नीत डूसू ने इन मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना भी दिया था। शर्मा ने दावा किया कि इस बार एबीवीपी को चारों पदों पर भारी जनसमर्थन मिलेगा।




Add comment