
देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्र अब यह जान पाएंगे कि पिज़्ज़ा, समोसा, पकौड़ा, चिप्स, फ्रेंच फ्राइज और बर्गर जैसे खाद्य पदार्थों में कितनी मात्रा में तेल और शुगर होती है। विद्यार्थियों को लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों से बचाने और उन्हें स्वस्थ खानपान की ओर प्रोत्साहित करने के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने जागरूकता अभियान शुरू किया है।
यूजीसी ने उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि हॉस्टल, कैंटीन, मेस, कक्षाओं और कॉरिडोर में ऑयल और शुगर बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही जंक फूड और पैकेज्ड प्रोडक्ट्स पर तेल व शुगर की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
यूजीसी सचिव प्रो. मनीष जोशी ने राज्यों के शिक्षा सचिवों और मेडिकल, इंजीनियरिंग, फार्मेसी, प्रबंधन सहित विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के कुलपतियों व निदेशकों को पत्र लिखकर बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार गलत खानपान के कारण युवा तेजी से टाइप-2 डायबिटीज, हाइपरटेंशन और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इससे बचाव का सबसे अच्छा तरीका जागरूकता है।
पत्र में संस्थानों से कहा गया है कि छात्रों को हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन और पौष्टिक आहार की ओर प्रेरित करें। कैंपस में जंक फूड की जगह पौष्टिक विकल्प जैसे पोहा, साबूदाना, भूना चना, मखाना, कॉर्न और मूंगफली उपलब्ध कराए जाएं। वहीं, कोल्ड ड्रिंक्स की जगह ताज़ा जूस, नारियल पानी और नींबू पानी दिए जाएं।
कुछ खाद्य पदार्थों में मौजूद कैलोरी और शुगर-फैट की मात्रा:
गुलाब जामुन: 203 कैलोरी, 32 ग्राम शुगर
डिब्बाबंद जूस: 171 कैलोरी, 36 ग्राम शुगर
चॉकलेट: 240 कैलोरी, 25 ग्राम शुगर
पेस्ट्री: 212 कैलोरी, 20 ग्राम शुगर
समोसा: 362 कैलोरी, 28 ग्राम फैट
कचौड़ी: 147 कैलोरी, 10 ग्राम फैट
बर्गर: 590 कैलोरी, 20 ग्राम फैट
फ्रेंच फ्राइज: 342 कैलोरी, 17 ग्राम फैट
पिज़्ज़ा: 1377 कैलोरी, 40 ग्राम फैट




Add comment