
आईआईएम बैंगलोर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मैनेजमेंट रैंकिंग में भारत का सर्वश्रेष्ठ बिजनेस स्कूल घोषित हुआ है। लंदन में जारी QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी की एमबीए और बिजनेस मास्टर्स रैंकिंग 2026 में कुल 14 भारतीय बिजनेस स्कूलों को जगह मिली, जिनमें आईआईएम बैंगलोर, अहमदाबाद और कलकत्ता टॉप-100 में शामिल रहे।
इस बार आईआईएम बैंगलोर एक पायदान ऊपर उठकर 52वें, आईआईएम अहमदाबाद दो पायदान चढ़कर 58वें और आईआईएम कलकत्ता एक पायदान सुधार के साथ 64वें स्थान पर पहुंचे। वहीं, तेलंगाना का वॉक्सेन स्कूल ऑफ बिजनेस पहली बार सूची में शामिल होकर विविधता (Diversity) श्रेणी में एशिया का नंबर-1 और वैश्विक स्तर पर 26वां स्थान हासिल करने में सफल रहा।
वैश्विक स्तर पर अमेरिकी संस्थानों का दबदबा
QS के अध्यक्ष नूजिनो क्वाकरैली के मुताबिक, दुनिया की टॉप-4 सूची पर अमेरिकी बिजनेस स्कूलों का कब्जा रहा। इसमें व्हार्टन ने पहला, हार्वर्ड बिजनेस स्कूल ने दूसरा और एमआईटी स्लोअन ने तीसरा स्थान पाया। वहीं, पिछले साल का नंबर-1 स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस चार पायदान फिसलकर चौथे स्थान पर चला गया।
भारतीय संस्थानों का लगातार बेहतर प्रदर्शन
इस बार सूची में शामिल सभी चार भारतीय संस्थानों ने बीते वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। QS की रिपोर्ट बताती है कि भारत में पढ़ाए जा रहे प्रबंधन कोर्स अब दुनिया के टॉप-50 में जगह बनाने लगे हैं। इससे भारत की वैश्विक लोकप्रियता और बढ़ी है। हालांकि, रोजगार, निवेश और स्टूडेंट आउटकम जैसे क्षेत्रों में अभी सुधार की गुंजाइश बनी हुई है।
कोर्स-वार भारतीय प्रदर्शन
QS ने कुल 37 भारतीय संस्थानों को अलग-अलग कैटेगरी में जगह दी है—
मास्टर्स इन मैनेजमेंट : 19
मास्टर्स इन फाइनेंस : 7
मास्टर्स इन बिजनेस एनालिटिक्स : 5
मास्टर्स इन मार्केटिंग : 4
मास्टर्स इन सप्लाई चेन मैनेजमेंट : 2
इनमें से 10 संस्थान पहली बार शामिल हुए। हालांकि मास्टर्स इन फाइनेंस श्रेणी में कोई भी भारतीय संस्थान टॉप-200 तक नहीं पहुंच सका। मास्टर्स इन मैनेजमेंट में आईआईएम बैंगलोर 30वें, आईआईएम अहमदाबाद टॉप-50 और आईआईएम कोझिकोड 141–150 बैंड में रहे।
प्रमुख भारतीय संस्थानों का प्रदर्शन
आईआईएम बैंगलोर – भारत का सर्वश्रेष्ठ संस्थान, वैश्विक रैंक 52। रोजगार (29), थॉट लीडरशिप (53) और ROI (60) में मजबूत।
आईआईएम अहमदाबाद – एशिया में 9वां, वैश्विक रैंक 58। रोजगार (40), ROI (64), एलुमनी आउटकम (75), थॉट लीडरशिप (83)।
आईआईएम कलकत्ता – भारत में तीसरा, वैश्विक रैंक 64। रोजगार (35), थॉट लीडरशिप (77), ROI (100)।
आईआईएम इंदौर – पहली बार सुधार के साथ 151–200 बैंड में शामिल।
वॉक्सेन स्कूल ऑफ बिजनेस – पहली बार सूची में, वैश्विक रैंक 26 (डायवर्सिटी श्रेणी में एशिया में पहला)।
कुल मिलाकर, इस साल QS रैंकिंग में 14 भारतीय बिजनेस स्कूलों को जगह मिली। इनमें चार की रैंकिंग में सुधार हुआ, दो पहली बार शामिल हुए और सात संस्थानों की रैंकिंग गिरी। यह नतीजे साफ तौर पर बताते हैं कि भारत का मैनेजमेंट एजुकेशन तेजी से वैश्विक मानकों पर खरा उतर रहा है।




Add comment