
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे 2025-26 की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं (कक्षा 10 और 12) के लिए उम्मीदवारों की सूची (LOC) पूरी सावधानी से भरें और छात्रों का डेटा बिना किसी गलती के जमा करें। इसके लिए सुधार सुविधा 13 से 27 अक्तूबर तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर उपलब्ध रहेगी।
नाम, जन्मतिथि और विषय चयन में न हो गलती
बोर्ड ने कहा है कि छात्रों के नाम की वर्तनी, जन्मतिथि और विषयों का चयन बिल्कुल सही होना चाहिए और यह स्कूल के प्रवेश रिकॉर्ड से मेल खाना अनिवार्य है।
विषय कोड चुनने में बरतें सावधानी
कक्षा 10 के लिए: हिंदी-A (002), हिंदी-B (085), उर्दू-A (003), उर्दू-B (303), गणित (मानक) (041), गणित (बेसिक) (241) आदि विषय कोड सही ढंग से दर्ज किए जाएं।
कक्षा 12 के लिए: हिंदी कोर (302), हिंदी वैकल्पिक (002), अंग्रेजी कोर (301), अंग्रेजी वैकल्पिक (001), संस्कृत कोर (322), संस्कृत वैकल्पिक (022), उर्दू कोर (303), उर्दू वैकल्पिक (003), गणित (041), एप्लाइड मैथ्स (241) आदि विषय कोड ध्यानपूर्वक भरे जाने चाहिए।
सुधार प्रक्रिया से जुड़े दिशा-निर्देश
– LOC जमा करने के बाद भी स्कूल अंतिम तिथि तक डेटा में सुधार कर सकेंगे।
– यदि LOC जमा करते समय शुल्क भी अदा कर दिया गया है और बाद में किसी छात्र के डेटा में त्रुटि मिलती है, तो उसे अंतिम तिथि तक संशोधित किया जा सकता है।
– जमा किए गए विवरणों में बदलाव करने पर अतिरिक्त शुल्क लगेगा।
– अंतिम सबमिशन के बाद स्कूल प्रत्येक छात्र का डेटा वेरिफिकेशन स्लिप निकाल सकेंगे और उसमें त्रुटि मिलने पर सुधार की सुविधा उपलब्ध होगी।
कक्षा 9 और 11 पर भी लागू होंगे नियम
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 13 से 27 अक्तूबर तक उपलब्ध कराई गई सुधार विंडो कक्षा 9 और 11 के LOC फॉर्म पर भी लागू होगी। इन कक्षाओं में भी नाम, जन्मतिथि और विषयों का विवरण बिल्कुल सटीक दर्ज किया जाना जरूरी है।




Add comment