
असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के अचानक निधन के बाद राज्य सरकार ने 20 सितंबर को होने वाली आधवार्षिक परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। उच्च शिक्षा मंत्री रणोज पेगू ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि गायक के अंतिम संस्कार तक कोई परीक्षा आयोजित न की जाए।
मंत्री पेगू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जुबीन गर्ग के असमय निधन के मद्देनजर सभी स्कूल निरीक्षकों और DEEO को निर्देशित किया जाता है कि 20 सितंबर को प्रस्तावित आधवार्षिक परीक्षाओं को उनके अंतिम संस्कार तक स्थगित रखा जाए।”
गौरतलब है कि जुबीन गर्ग की मौत कथित तौर पर एक यॉट ट्रिप के दौरान हुए हादसे में हुई। इससे पहले यह खबर आई थी कि उनका निधन स्कूबा डाइविंग करते समय हुआ। वे नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) में प्रस्तुति देने वाले थे, जिसे अब रद्द कर दिया गया है।
उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे देश से शोक संदेश आने लगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के असमय निधन से स्तब्ध हूं। वे संगीत जगत में अपने अमूल्य योगदान के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनके गीत हर वर्ग के लोगों में बेहद लोकप्रिय रहे। परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ॐ शांति।”
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “आज असम ने अपने सबसे प्रिय पुत्रों में से एक को खो दिया। शब्द नहीं हैं यह बताने के लिए कि जुबीन का असम के लिए क्या महत्व था। यह जाने की उम्र नहीं थी, वे बहुत जल्दी चले गए।”




Add comment