
दिल्ली के स्कूलों को बम धमकियां मिलने का दौर थम नहीं रहा है। शनिवार को एक बार फिर कई स्कूलों को उड़ाने की धमकी मिली, जिनमें डीपीएस द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे। एहतियातन छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे परिसर की तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट और पांच सितारा होटल ताज पैलेस को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। दोनों जगह ई-मेल के जरिए धमकी दी गई थी, लेकिन तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला।
दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त के बीच दिल्ली-एनसीआर के 100 से ज्यादा शैक्षणिक संस्थानों को ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें डीपीएस वसंत विहार, अमिटी स्कूल साकेत, सलवान पब्लिक स्कूल, मॉडर्न स्कूल, वसंत वैली स्कूल, सेंट स्टीफंस कॉलेज और एसआरसीसी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं।
जुलाई में तो चार दिनों के भीतर ही 50 से अधिक स्कूलों को झूठी बम धमकियां मिली थीं। 17 जुलाई को पुलिस ने एक 12 वर्षीय बच्चे को गिरफ्तार किया था, जिसने सेंट स्टीफंस कॉलेज और सेंट थॉमस स्कूल को धमकी भरे ई-मेल भेजे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक मिली सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं, लेकिन हर मामले को पूरी गंभीरता से लेकर सुरक्षा जांच की जाती है।




Add comment