
देश में पहली बार इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी की पढ़ाई मातृभाषा में कराने की शुरुआत हुई है। आईआईटी मद्रास ने यह कदम उठाते हुए बीटेक की कक्षाओं में छात्रों को उनकी अपनी भाषा में पढ़ाई का अवसर दिया है। उदाहरण के लिए, कंप्यूटर साइंस की कक्षा में प्रोफेसर अंग्रेज़ी में लेक्चर देंगे, लेकिन उसी समय छात्रों को वही विषयवस्तु उनकी मातृभाषा में लाइव अनुवाद के साथ समझने को मिलेगा। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत 11 भारतीय भाषाओं में एक साथ तकनीकी पढ़ाई संभव हो रही है।
सर्वम एआई से होगा लाइव अनुवाद
आईआईटी मद्रास के निदेशक और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर वी. कामकोटि ने इस परियोजना की शुरुआत अपनी कक्षा से की। इसके लिए संस्थान ने सर्वम एआई नामक विशेष कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित टूल तैयार किया है। इसे उच्च शिक्षा में भाषायी बाधाओं को तोड़ने वाला नवाचार माना जा रहा है। हाल ही में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तमिलनाडु यात्रा के दौरान इसका लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया था। आने वाले समय में यह सुविधा सभी आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी और एआईसीटीई से संबद्ध इंजीनियरिंग कॉलेजों समेत अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में भी लागू की जाएगी।
किन भाषाओं में मिलेगा अनुवाद
सर्वम एआई अंग्रेज़ी से 11 भारतीय भाषाओं—हिंदी, तमिल, तेलुगु, उर्दू, मलयालम, बंगाली, असमिया, मराठी, कन्नड़, ओड़िया, गुजराती और पंजाबी—में लाइव अनुवाद उपलब्ध कराएगा।
उच्च संस्थानों की रैंकिंग में लगातार 10 वर्षों से अव्वल आईआईटी मद्रास की यह पहल उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत के छात्रों के लिए पढ़ाई को और अधिक सुलभ और सहज बनाएगी।




Add comment