
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने भारतीय छात्रों और जापानी संस्थानों के बीच शैक्षणिक, पेशेवर और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडिया-जापान टैलेंट ब्रिज प्रोग्राम का आयोजन किया। विश्वविद्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में इसकी जानकारी दी गई।
शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग साझेदारी पर जोर
कार्यक्रम में भारतीय छात्रों और जापानी कंपनियों के बीच संवाद को बढ़ावा देने और भविष्य के सहयोग के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य शिक्षा, अनुसंधान और उद्योग क्षेत्र में साझेदारी को मजबूत बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति कार्यालय में जापानी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत से हुई। इस दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह और छात्र कल्याण डीन प्रो. रंजन कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद विश्वविद्यालय का परिचयात्मक प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया गया और प्रतिनिधियों को कैंपस भ्रमण कराया गया।
करियर सेमिनार और जापानी कंपनियों की भागीदारी
दिन में बाद में मिरांडा हाउस में इंडिया-जापान करियर सेमिनार आयोजित हुआ। इसमें जापान की कई प्रमुख कंपनियों और संस्थानों—Directors Inc., Rimo LLC, Scheme Verge Inc., Dai-ichi Life Holdings Inc., Nichi-In Software Solutions Pvt. Ltd., Green Carbon Inc. और Japan Science and Technology Agency (JST)—ने अपने प्रेजेंटेशन दिए।
सेमिनार ने छात्रों को जापानी उद्योगों में करियर की संभावनाओं से परिचित कराया और अकादमिक तथा पेशेवर स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया।




Add comment