
लद्दाख के लेह में 24 सितंबर को हुई भीषण हिंसा में चार लोगों की मौत हो गई थी और 70 से अधिक लोग घायल हुए थे। यह हिंसा लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग के आंदोलन के दौरान भड़की। सरकार ने इस घटना को भड़काने का आरोप पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पर लगाया और उन पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की। इस घटनाक्रम के बाद उनकी छवि सवालों के घेरे में आ गई और हीरो से विलेन बनने की चर्चा शुरू हो गई। ऐसे में आइए जानते हैं सोनम वांगचुक की शिक्षा, उपलब्धियाँ और आय के बारे में।
शुरुआती जीवन और शिक्षा
सोनम वांगचुक का जन्म 1 सितंबर 1966 को लद्दाख के छोटे से गाँव उलेटोकपो में हुआ। उनका बचपन साधारण और चुनौतियों से भरा था। गाँव में आधुनिक सुविधाएँ न होने के कारण वे नौ साल की उम्र तक पढ़ाई शुरू नहीं कर पाए। बाद में उन्हें पढ़ाई के लिए श्रीनगर भेजा गया, जहाँ भाषा संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और अंततः नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) श्रीनगर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। अपनी पढ़ाई का खर्च वे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर उठाते थे।
शिक्षा सुधार और इनोवेशन
1988 में वांगचुक ने स्टूडेंट एजुकेशनल एंड कल्चरल मूवमेंट ऑफ लद्दाख (SECMOL) की स्थापना की। इसका उद्देश्य स्थानीय बच्चों को उनकी भाषा और संस्कृति के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराना था। बाद में उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स लद्दाख (HIAL) की स्थापना की, जिसे वैकल्पिक शिक्षा और शोध का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
उनका सबसे बड़ा इनोवेशन आइस स्टूपा तकनीक (कृत्रिम ग्लेशियर) है, जिससे पानी की समस्या का बड़ा समाधान मिला। इस कार्य ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।
कमाई के स्रोत
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनम वांगचुक की नेट वर्थ लगभग 75 लाख रुपये है। उनके पास न तो आलीशान बंगले हैं और न ही लग्ज़री गाड़ियाँ। उनकी अधिकतर कमाई शिक्षा सुधार, पर्यावरण प्रोजेक्ट्स और समाज सेवा पर खर्च होती है।
– उनका यूट्यूब चैनल Wangchuk World काफी लोकप्रिय है, जिसके 17 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। इस चैनल से वे हर महीने करीब 3 से 5 लाख रुपये कमाते हैं।
– वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भाषण, व्याख्यान और कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी आय अर्जित करते हैं।
– भारतीय सेना और अन्य संस्थाएँ उनके साथ सोलर प्रोजेक्ट्स और पर्यावरण संबंधी कार्यों में सहयोग करती हैं, जिससे उन्हें फीस मिलती है।
3 इडियट्स से जुड़ा नाम
बॉलीवुड फिल्म 3 इडियट्स का किरदार फुंसुख वांगड़ू सोनम वांगचुक से प्रेरित माना जाता है। फिल्म में दिखाया गया इनोवेटिव और विज्ञान-आधारित शिक्षा का नजरिया असल जीवन में वांगचुक के काम से मेल खाता है। इसी वजह से वे युवाओं के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।




Add comment