Edinbox Hindi

एग्जाम सेंटर की आजादी खत्म; अब आधार कार्ड के पते से तय होगा जेईई, नीट और सीयूईटी परीक्षाओं का केंद्र

अब जेईई, नीट यूजी और सीयूईटी यूजी परीक्षाओं के केंद्र उम्मीदवारों के आधार कार्ड में दर्ज पते के अनुसार ही तय किए जाएंगे। यानी परीक्षार्थी अब अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी राज्य या शहर में परीक्षा केंद्र नहीं चुन सकेंगे।

 

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों और अभिभावकों के लिए जारी नोटिस में यह नई व्यवस्था स्पष्ट की है। नोटिस के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही छात्र अपने आधार कार्ड में आवश्यक संशोधन कर लें, क्योंकि आवेदन के बाद किसी भी तरह का परिवर्तन संभव नहीं होगा।

 

नोटिस में यह भी बताया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षाओं की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, जिसकी शुरुआत जेईई मेन 2026 (जनवरी सत्र) से की जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपने आधार कार्ड में पता, नाम और जन्मतिथि जैसी सभी जानकारी ठीक कर लें।

 

महत्वपूर्ण निर्देश:

– उम्मीदवार के आधार कार्ड और दसवीं कक्षा के प्रमाणपत्र में नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण समान होने चाहिए।

– किसी भी प्रकार का अंतर पाए जाने पर आवेदन पत्र निरस्त किया जा सकता है।

– परीक्षा केंद्र का आवंटन सिर्फ आधार कार्ड के पते के अनुसार किया जाएगा, इसलिए आधार में दर्ज पता अवश्य जांच लें।

 

आरक्षित वर्ग और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए सलाह:

एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों को अपने अपडेटेड प्रमाणपत्र पहले से तैयार रखने होंगे। इन दस्तावेजों में दी गई सूचनाएं आधार और दसवीं के प्रमाणपत्र से पूरी तरह मेल खानी चाहिए। आवेदन जमा करने के बाद किसी प्रमाणपत्र में सुधार की अनुमति नहीं दी जाएगी।

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed