
अगर आप पुलिस की तैयारी कर रहे हैं तो उत्तर प्रदेश सरकार ने आपके लिए बड़ा मौका खोल दिया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य पुलिस बल में कॉन्स्टेबल समेत कई पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है।
उत्तर प्रदेश पुलिस प्रमोशन एवं भर्ती बोर्ड (UPPPRB) के अनुसार 22,000 से अधिक रिक्तियों के लिए दिसंबर में ही भर्ती विज्ञापन जारी होगा। यह जानकारी बोर्ड ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा की है
बोर्ड के अनुसार सिपाही, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल, पीएसी की महिला वाहिनी, घुड़सवार पुलिस के 22 हजार रिक्त पद हैं। इसके अलावा जेल वार्डर के 2800 रिक्त पदों पर भी भर्ती होनी है। साथ ही अप्रैल के बाद रिक्त हुए कुछ और पद भी इसमें जोड़े गए हैं। इन पदों के लिए जल्दी ही आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
किस–किस पद पर होगी भर्ती?
UPPPRB, लखनऊ के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि निम्न पदों के लिए दिसंबर में भर्ती विज्ञप्ति जारी होगी:
– आरक्षी नागरिक पुलिस
– आरक्षी पीएसी
– आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (SSF)
– आरक्षी पीएसी महिला
– आरक्षी पीएसी सशस्त्र पुलिस
– जेल वार्डर
– घुड़सवार पुलिस
इन सभी पदों को मिलाकर 22,605 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। उम्मीद है कि मध्य दिसंबर तक कॉन्स्टेबल भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया
नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
UPPPRB ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करते रहें, क्योंकि आवेदन तिथियों और प्रक्रिया से जुड़ी सभी सूचनाएँ वहीं उपलब्ध होंगी।
होमगार्ड भर्ती भी जारी, 17 दिसंबर आखिरी तारीख
उत्तर प्रदेश में पुलिस भर्ती के साथ–साथ होमगार्ड के पदों पर भी बड़ी वैकेंसी निकली है और इसका आवेदन प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 17 दिसंबर है। शैक्षिक योग्यता 10वीं पास (मैट्रिक) निर्धारित की गई है। इस भर्ती में प्रत्येक कैटेगरी में 20% सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
चयन प्रक्रिया के तहत पहले एक लिखित परीक्षा होगी, जिसमें 100 प्रश्न 100 नंबर के होंगे। इसे हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। यह परीक्षा ऑफलाइन OMR शीट पर आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) होगी, जिसमें पुरुषों को 4800 मीटर की दौड़ 28 मिनट में और महिलाओं को 2400 मीटर की दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी।
यह चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी, ताकि योग्य उम्मीदवारों को सही अवसर मिल सके।
युवाओं के लिए सुनहरा मौका
UP में पुलिस और होमगार्ड—दोनों स्तरों पर बड़े पैमाने पर भर्ती होने जा रही है।
कई वर्षों बाद राज्य में इतनी बड़ी संख्या में पदों को भरा जा रहा है, जो उन युवाओं के लिए बड़ा अवसर है जो वर्दी पहनने का सपना देखते हैं।




Add comment