Edinbox Hindi
JAF Fellowship in Australia: A Golden Opportunity for Those Pursuing a Career in Agricultural Research

इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम 2025: युवाओं को सेना के हाई-टेक प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका

इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम 2025: युवाओं को सेना के हाई-टेक प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका

देश की सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए भारतीय सेना ने एक बार फिर सुनहरा अवसर दिया है। इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम (IAIP) के तहत योग्य उम्मीदवारों को सेना के वास्तविक और हाई-टेक प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा। इस साल के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आखिरी तारीख 21 दिसंबर 2025 तय की गई है।

इस इंटर्नशिप के जरिए युवा न सिर्फ इंडियन आर्मी के साथ सीधे तौर पर जुड़ेंगे, बल्कि आधुनिक रक्षा तकनीकों और डिजिटल मिशनों का भी व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे। चयनित उम्मीदवारों को सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ काम करने का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें प्रोफेशनल और तकनीकी दोनों स्तर पर मजबूत अनुभव मिलेगा।

हाई-टेक मिशनों पर मिलेगा काम का अनुभव

IAIP के तहत चुने गए इंटर्न्स को भारतीय सेना के हाई-टेक और संवेदनशील प्रोजेक्ट्स में शामिल किया जाएगा। इसमें कटिंग-एज सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल्स, मिलिट्री-ग्रेड सिक्योर एप्लिकेशन और डिजिटल डिफेंस सिस्टम्स का विकास शामिल है।

इंटर्न्स को फ्रंटएंड और बैकएंड डेवलपमेंट, फ्रेमवर्क्स, AI & ML, क्लाउड और नेटवर्किंग, GIS, APIs और अन्य आधुनिक टेक्नोलॉजी पर काम सीखने का मौका मिलेगा। यह अनुभव भविष्य में टेक्नोलॉजी और डिफेंस सेक्टर में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है।

योग्यता क्या होनी चाहिए

इस इंटर्नशिप के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जो बीई/बीटेक (कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस, आईटी, ईसीई) के अंतिम वर्ष में हों या डिग्री पूरी कर चुके हों।

इसके अलावा एमटेक (AI & ML, डेटा साइंस, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग) और AI, ML, DevSecOps, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, बिग डेटा या इससे जुड़े क्षेत्रों में पीएचडी करने वाले उम्मीदवार भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।

स्टाइपेंड और अवधि

इंडियन आर्मी का यह इंटर्नशिप प्रोग्राम 75 दिनों का होगा। इसकी शुरुआत 12 जनवरी 2026 से होगी और यह 27 मार्च 2026 तक चलेगा।

इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को 1000 रुपये प्रतिदिन का स्टाइपेंड दिया जाएगा। यानी पूरे इंटर्नशिप पीरियड में कुल 75,000 रुपये मिलेंगे। यह इंटर्नशिप नई दिल्ली और बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी, जहां भारतीय सेना के प्रमुख टेक्नोलॉजी और डिजिटल प्रोजेक्ट सेंटर्स स्थित हैं।

आवेदन कैसे करें

भारतीय सेना ने इस इंटर्नशिप प्रोग्राम की जानकारी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए साझा की है। पोस्ट में दिए गए QR कोड को स्कैन करके उम्मीदवार सीधे आवेदन कर सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 21 दिसंबर 2025 तक जारी रहेगी। समय रहते आवेदन करना जरूरी है, क्योंकि सीमित सीटों के चलते चयन प्रक्रिया कड़ी हो सकती है।

इंडियन आर्मी इंटर्नशिप प्रोग्राम न केवल युवाओं को देश की रक्षा से जुड़ने का मौका देता है, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीक और रियल-टाइम प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अनमोल अनुभव भी देता है। टेक्नोलॉजी के साथ देशसेवा का यह मौका कई युवाओं के करियर को नई दिशा दे सकता है।

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed