Edinbox Hindi
UP Police Recruitment to Begin Soon for 25,000 Posts, Notification to Be Released in December

एनएचआरसी का विंटर इंटर्नशिप प्रोग्राम 2025 शुरू, 19 राज्यों के 80 छात्रों को मिला मौका

एनएचआरसी का विंटर इंटर्नशिप प्रोग्राम 2025 शुरू, 19 राज्यों के 80 छात्रों को मिला मौका

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने अपने चार सप्ताह के इन-पर्सन विंटर इंटर्नशिप प्रोग्राम (WIP)-2025 की औपचारिक शुरुआत कर दी है। यह कार्यक्रम 15 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। देशभर के 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों से चुने गए कुल 80 विश्वविद्यालय स्तर के छात्र इस प्रतिष्ठित इंटर्नशिप में भाग ले रहे हैं। इनका चयन 1,485 आवेदकों में से कड़ी प्रक्रिया के बाद किया गया है।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए एनएचआरसी के चेयरपर्सन न्यायमूर्ति वी. रामासुब्रमण्यन ने कहा कि यह इंटर्नशिप भारत जैसे विविधतापूर्ण देश में मानवाधिकारों की व्यावहारिक समझ विकसित करने का एक अनूठा इन-पर्सन मंच है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक और गहन संवाद को बढ़ावा देना है। न्यायमूर्ति रामासुब्रमण्यन ने इंटर्न से अपील की कि वे मानवाधिकारों से जुड़े मूल्यों को अपने रोजमर्रा के जीवन में—घर, कार्यस्थल और समाज—में अपनाएं, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

इस अवसर पर एनएचआरसी के महासचिव श्री भरत लाल ने युवाओं को मानवाधिकार आंदोलन की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि संवेदनशील और जागरूक युवा ही समाज में स्थायी बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने इंटर्न से सहानुभूति और करुणा जैसे मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया, जो भारतीय संविधान और देश की सभ्यतागत परंपरा में गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह इंटर्नशिप युवाओं को अपने नजरिये को व्यापक बनाने और एक समावेशी, न्यायपूर्ण व बराबरी पर आधारित समाज के निर्माण की दिशा में सोचने का अवसर देगी।

इससे पहले, कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए एनएचआरसी की संयुक्त सचिव श्रीमती सैडिंगपुई छाखछुआक ने बताया कि इंटर्नशिप के दौरान विषय विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, समूह शोध परियोजनाएं, बुक रिव्यू और भाषण प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इन गतिविधियों का उद्देश्य छात्रों की मानवाधिकार संबंधी समझ को मजबूत करना और जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए नए और व्यावहारिक दृष्टिकोण विकसित करना है।

कार्यक्रम के अंत में एनएचआरसी के निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और इंटर्नशिप को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार जताया।

एडइनबॉक्स टीम

Add comment

Recent posts

Most popular

Most discussed