
विदेशी विश्वविद्यालयों में दाखिले की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। गूगल ने स्कॉलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (SAT) की तैयारी को आसान बनाने के लिए खास फुल-लेंथ मॉक टेस्ट लॉन्च किए हैं। ये अभ्यास परीक्षाएं प्रिंसटन रिव्यू के सहयोग से तैयार की गई हैं और छात्र इन्हें कभी भी ऑनलाइन दे सकते हैं। सबसे अहम बात यह है कि ये मॉक टेस्ट पूरी तरह मुफ्त हैं।
गूगल ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट के जरिए जानकारी दी कि Gemini App में SAT के लिए ऑन-डिमांड अभ्यास परीक्षाएं शुरू की गई हैं। इन टेस्ट्स का कंटेंट विशेषज्ञों द्वारा जांचा गया है, ताकि छात्रों को वास्तविक परीक्षा जैसा अनुभव मिल सके।
Gemini App में ऐसे शुरू करें SAT मॉक टेस्ट
SAT की तैयारी शुरू करने के लिए छात्रों को बस Gemini से कहना होगा,
“मैं एक अभ्यास SAT परीक्षा देना चाहता/चाहती हूं।”
इसके बाद ऐप छात्रों को पूरी लंबाई की अभ्यास परीक्षा उपलब्ध कराएगा, जिसे वे अपनी सुविधा के अनुसार दे सकते हैं।
तुरंत मिलेगा प्रदर्शन का विश्लेषण
इन मॉक टेस्ट्स की खास बात यह है कि परीक्षा पूरी होते ही छात्रों को तुरंत फीडबैक मिलता है। इससे यह साफ पता चल जाता है कि किस सेक्शन में प्रदर्शन अच्छा रहा और किन हिस्सों में सुधार की जरूरत है। साथ ही, सही जवाब के पीछे का कारण भी समझाया जाता है, जिससे कॉन्सेप्ट और मजबूत होते हैं।
Gemini छात्रों की कमजोरियों को ध्यान में रखते हुए आगे की स्टडी प्लानिंग में भी मदद करता है। इससे SAT की तैयारी ज्यादा व्यवस्थित और प्रभावी बन जाती है।
SAT की तैयारी अब ज्यादा स्मार्ट
गूगल का यह कदम SAT की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए काफी उपयोगी माना जा रहा है। फुल-लेंथ और वास्तविक परीक्षा जैसे सवालों के साथ अभ्यास करने से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे परीक्षा पैटर्न से बेहतर तरीके से परिचित हो सकेंगे।
गूगल ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस तरह के मॉक टेस्ट्स को अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी शुरू किया जा सकता है। फिलहाल SAT अभ्यर्थियों के लिए यह सुविधा तैयारी को नए स्तर पर ले जाने वाली साबित हो सकती है।




Add comment