
अमेरिका में हायर एजुकेशन हासिल करना विदेशी छात्रों के लिए आसान नहीं होता। ऊंची ट्यूशन फीस के साथ हॉस्टल, खाने-पीने, किताबों, हेल्थ इंश्योरेंस, ट्रैवल और वीजा जैसे खर्च मिलकर पढ़ाई का कुल बजट लाखों रुपये तक पहुंचा देते हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि विदेशी छात्रों को अमेरिकी सरकार की ओर से न तो फेडरल स्टूडेंट लोन मिलता है और न ही सरकारी फाइनेंशियल एड का लाभ।
इसी कारण अमेरिका के कई प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटीज अंतरराष्ट्रीय छात्रों को आकर्षित करने के लिए भारी-भरकम फाइनेंशियल एड ऑफर करती हैं। यूएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अकादमिक ईयर 2024-25 में अमेरिका के 823 कॉलेजों ने विदेशी छात्रों को औसतन 25,000 डॉलर (करीब 20–21 लाख रुपये) की आर्थिक मदद दी। खास बात यह है कि 20 ऐसे कॉलेज भी रहे, जहां इंटरनेशनल स्टूडेंट्स को औसत से करीब तीन गुना ज्यादा, यानी लगभग 84,000 डॉलर (करीब 70–75 लाख रुपये) तक की फाइनेंशियल एड मिली।
इन 20 कॉलेजों में मिल रही है सबसे ज्यादा फाइनेंशियल एड
यूएस न्यूज के आंकड़ों के आधार पर, जिन कॉलेजों ने विदेशी छात्रों को सबसे ज्यादा आर्थिक सहायता दी है, उनमें शामिल हैं:
– वेस्लेयन यूनिवर्सिटी – लगभग 75 लाख रुपये
– विलियम्स कॉलेज – 73.67 लाख रुपये
– ड्यूक यूनिवर्सिटी – 73.53 लाख रुपये
– वेलेस्ली कॉलेज – 73.38 लाख रुपये
– हैवरफोर्ड कॉलेज – 72.90 लाख रुपये
– पोमोना कॉलेज – 72.40 लाख रुपये
– वासर कॉलेज – 71.85 लाख रुपये
– स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी – 70.72 लाख रुपये
– कॉर्नेल यूनिवर्सिटी – 70.26 लाख रुपये
– डार्टमाउथ कॉलेज – 70.11 लाख रुपये
– येल यूनिवर्सिटी – 69.87 लाख रुपये
– स्मिथ कॉलेज – 69.37 लाख रुपये
– कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी – 68.89 लाख रुपये
– एमहर्स्ट कॉलेज – 68.83 लाख रुपये
– प्रोविडेंस कॉलेज – 68.64 लाख रुपये
– ब्राउन यूनिवर्सिटी – 68.53 लाख रुपये
– स्वार्थमोर कॉलेज – 67.66 लाख रुपये
– कोल्बी कॉलेज – 67.36 लाख रुपये
– कोलगेट यूनिवर्सिटी – 66.87 लाख रुपये
– टफ्ट्स यूनिवर्सिटी – 66.70 लाख रुपये
वेस्लेयन यूनिवर्सिटी सबसे आगे
विदेशी छात्रों को फाइनेंशियल एड देने के मामले में वेस्लेयन यूनिवर्सिटी सबसे आगे रही। कनेक्टिकट स्थित इस प्राइवेट लिबरल आर्ट्स यूनिवर्सिटी ने अकादमिक ईयर 2024-25 में 108 अंतरराष्ट्रीय छात्रों को औसतन करीब 75 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी। यह सहायता ट्यूशन फीस के साथ रहने और अन्य शैक्षणिक खर्चों को भी काफी हद तक कवर करती है।
ज्यादातर कॉलेज अमेरिका के पूर्वी हिस्से में
अगर लोकेशन की बात करें तो स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी, पोमोना कॉलेज और कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को छोड़कर, बाकी अधिकतर कॉलेज अमेरिका के पूर्वी हिस्से में स्थित हैं। इस सूची में मैसाचुसेट्स की 5, न्यूयॉर्क की 3 और कनेक्टिकट की 2 यूनिवर्सिटीज शामिल हैं। इसके अलावा पेंसिल्वेनिया और रोड आइलैंड की 2-2 यूनिवर्सिटीज भी इस लिस्ट का हिस्सा हैं। मेन, न्यू हैम्पशायर और नॉर्थ कैरोलिना की यूनिवर्सिटीज भी टॉप फाइनेंशियल एड देने वालों में शामिल हैं।
भारतीय छात्रों के लिए क्या है मतलब?
भारत से अमेरिका पढ़ाई के लिए जाने वाले छात्रों के लिए यह जानकारी बेहद अहम है। सही कॉलेज और यूनिवर्सिटी चुनकर लाखों रुपये की बचत की जा सकती है। जरूरत है समय पर आवेदन करने, मजबूत प्रोफाइल बनाने और फाइनेंशियल एड पॉलिसी को अच्छे से समझने की। कई कॉलेज मेरिट और जरूरत के आधार पर विदेशी छात्रों को उदार सहायता देते हैं, जिससे अमेरिका में पढ़ाई का सपना कहीं ज्यादा सुलभ हो सकता है।
अगर आप भी अमेरिका में पढ़ाई की योजना बना रहे हैं, तो इन कॉलेजों की फाइनेंशियल एड नीतियों पर जरूर नजर डालें। यह आपके करियर और बजट—दोनों के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।




Add comment