
बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से टीआरई-4 के तहत नई शिक्षक बहाली की प्रक्रिया अब शुरू होने जा रही है। लंबे समय से अटकी इस भर्ती को लेकर राज्य सरकार ने संकेत दे दिए हैं कि मार्च 2026 में इसका आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को जेडीयू के आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से इस संबंध में जानकारी साझा की गई। पोस्ट में बताया गया कि राज्य में शिक्षा के विस्तार को और मजबूत करने के लिए सरकारी स्कूलों में करीब 44 हजार नए शिक्षकों की बहाली की जाएगी। इसके लिए बीपीएससी की ओर से अगले महीने विज्ञापन निकाला जाएगा। सरकार ने दोहराया कि बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर नीतीश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
तीन चरणों में हो चुकी है रिकॉर्ड बहाली
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में बीपीएससी के जरिए शिक्षक भर्ती के तीन चरण पूरे किए जा चुके हैं, जिनमें 2 लाख 27 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। सरकार का दावा है कि इससे राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिली है और छात्र-शिक्षक अनुपात में भी सुधार हुआ है। टीआरई-4 के जरिए एक बार फिर बड़ी संख्या में खाली पदों को भरने की तैयारी है।
कैलेंडर में नाम न होने से बढ़ा था विवाद
गौरतलब है कि बुधवार, 4 फरवरी 2026 को पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया था। अभ्यर्थियों का आरोप था कि बीपीएससी के परीक्षा कैलेंडर 2026 में टीआरई-4 का कोई उल्लेख नहीं किया गया है, जबकि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार पहले यह कह चुके थे कि जनवरी के अंत तक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। इसी असमंजस के चलते अभ्यर्थियों में नाराजगी थी। अब सरकार की ओर से टीआरई-4 की घोषणा को इन आशंकाओं के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
आरटीई के तहत नामांकन की तारीख बढ़ी
इधर, शिक्षा अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी विद्यालयों में कक्षा-1 में नामांकन को लेकर भी अहम अपडेट सामने आया है। ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 15 फरवरी 2026 कर दी गई है। पहले यह तारीख 31 जनवरी तय थी। अभिभावक अब ज्ञानदीप पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार, प्राप्त आवेदनों का सत्यापन 18 फरवरी तक किया जाएगा। इसके बाद 23 फरवरी को सत्यापित विद्यार्थियों का ऑनलाइन स्कूल आवंटन किया जाएगा। चयनित बच्चों का नामांकन संबंधित स्कूलों में 24 फरवरी से 10 मार्च के बीच कराया जाएगा। विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे तय समय सीमा में पंजीयन कराकर बच्चों को निशुल्क और अनिवार्य शिक्षा योजना का लाभ दिलाएं।
टीआरई-4 की घोषणा और आरटीई प्रक्रिया में राहत के फैसले को राज्य की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े अहम कदम के तौर पर देखा जा रहा है। अब अभ्यर्थियों की नजरें बीपीएससी के आधिकारिक विज्ञापन और भर्ती प्रक्रिया के विस्तृत शेड्यूल पर टिकी हैं।




Add comment